अयोध्या/सर्वोदय:- बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और स्टार क्रिकेटर विराट कोहली इन दिनों अध्यात्म और भक्ति के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। रविवार को ये लोकप्रिय जोड़ी अयोध्या पहुंची, जहां उन्होंने हनुमान गढ़ी मंदिर में श्रद्धा के साथ दर्शन किए। सोशल मीडिया पर दोनों की मंदिर में प्रार्थना करते हुए वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
आपको बतादेंकि अनुष्का शर्मा पिंक ट्रेडिशनल आउटफिट में नजर आ रही हैं। उन्होंने सिर पर पल्लू लिया हुआ था और पूरी श्रद्धा से हनुमान जी के दर्शन किए। वहीं विराट कोहली व्हाइट कुर्ता-पायजामा में बेहद शांत और गंभीर नजर आए। दोनों ने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की और कुछ पल ध्यान में बिताए।
बता दें कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा इससे पहले भी कई बार धार्मिक स्थलों पर देखे जा चुके हैं। हाल ही में दोनों वृंदावन पहुंचे थे, जहां उन्होंने प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया था। उस दौरान अनुष्का शर्मा भावुक भी हो गई थीं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े थे। यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
अनुष्का और विराट की शादी 11 दिसंबर 2017 को हुई थी और दोनों अब दो बच्चों के माता-पिता हैं – बेटी वामिका और हाल ही में जन्मे बेटे अकाय। दोनों अपने पारिवारिक जीवन को काफी प्राथमिकता दे रहे हैं और अक्सर आध्यात्मिक यात्राओं पर जाते देखे जाते हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो अनुष्का शर्मा लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं। उन्हें आखिरी बार फिल्म “जीरो” (2018) में देखा गया था, जिसमें उनके साथ शाहरुख खान और कैटरीना कैफ भी नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने फिल्म “कला” में एक छोटा कैमियो रोल किया था। फिलहाल वह फुल टाइम पैरेंटिंग पर फोकस कर रही हैं।
वहीं विराट कोहली ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा कर खेल जगत को चौंका दिया था। इसके बाद से वह परिवार और अध्यात्म में अधिक समय बिता रहे हैं।



