इटावा/सर्वोदय:- इटावा के वीर शहीद सूरज सिंह यादव को अंतिम विदाई देने के बाद क्षेत्र में भावनाएं अभी शांत नहीं हुई थीं कि समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे को शहीद के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने सांसद पर शहीद की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जमकर नाराज़गी जाहिर की। इस दौरान की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
विरोध का वीडियो हुआ वायरल
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब सपा सांसद शहीद के परिवार से मिलने पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और जमकर खरी-खोटी सुनाई। कुछ लोगों ने गुस्से में कहा कि “अब आने से क्या फायदा, जब शहादत के छह दिन तक कोई अता-पता नहीं था।” भीड़ ने उन्हें “राजनीतिक दिखावा” करने का आरोप भी लगाया।
6 दिन बाद पहुंचे सांसद, पहले नहीं दिया कोई जवाब: ग्रामीणों का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहीद की शहादत के तुरंत बाद सांसद को फोन और संदेशों के जरिए सूचना दी गई, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। ग्रामीणों का आरोप है कि सांसद अपने राजनीतिक कार्यक्रमों में व्यस्त थे, और जब मामला सोशल मीडिया पर तूल पकड़ने लगा, तब जाकर 12 मई को गांव पहुंचे।
शहीद के सम्मान को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश
ग्रामीणों का कहना है कि सूरज सिंह यादव ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है, और उनका सम्मान किसी दलगत राजनीति से ऊपर होना चाहिए। विरोध के बीच कई लोगों ने सवाल उठाया कि जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता कहां गई, जो शहीद के परिवार को समय पर सांत्वना देने तक नहीं आए।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और सोशल मीडिया पर बहस
इस घटना के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर सत्तापक्ष और विपक्ष में जुबानी जंग शुरू हो गई है। कुछ यूज़र्स सांसद के व्यवहार को “असंवेदनशील” बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे राजनीतिक साजिश करार दे रहे हैं।



