अयोध्या/सर्वोदय न्यूज़: अयोध्या के जयसिंहपुर वार्ड में वंचित वर्ग के बच्चों के लिए संचालित निःशुल्क अपना स्कूल में कनोसा कॉवेन्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज की ओर से शिक्षण सामग्री वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने के साथ उन्हें शिक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
कॉलेज की प्रधानाचार्या सिस्टर लिंडा थॉमस के निर्देशन में शिक्षिकाओं और छात्राओं की टीम अपना स्कूल पहुंची। यहां उपनिरीक्षक रणजीत यादव ‘खाकी वाले गुरुजी’ द्वारा संचालित निःशुल्क स्कूल में पढ़ने वाले करीब 80 बच्चों को विभिन्न प्रकार की शिक्षण सामग्री दी गई।
बच्चों को कॉपी-पेन समेत जरूरी सामान मिला
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को कॉपी, पेन, रबर, कटर, पेंसिल और रंग वितरित किए गए। इसके साथ ही बच्चों के लिए बिस्किट और नमकीन भी उपलब्ध कराया गया।
शिक्षिकाओं और छात्राओं ने बच्चों से बातचीत कर उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई करने, आसपास साफ-सफाई रखने और व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षिकाओं और छात्राओं ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में कनोसा कॉवेन्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज की शिक्षिकाएं आरती साहनी, पूनम तिवारी, रीमा रहेजा और मीनाक्षी त्रिपाठी मौजूद रहीं।कॉलेज की छात्राओं में कक्षा 12 की सारा अली तथा कक्षा 11 की शगुन मिश्रा, आयुषी यादव और रोहिणी मिश्रा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। वहीं, अपना स्कूल की टीम की ओर से विनय सिंह कुशवाहा और इंद्रकुमार उपाध्याय उपस्थित रहे।
शिक्षा के साथ स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि शिक्षा के साथ स्वच्छता भी उनके स्वस्थ और बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है। शिक्षण सामग्री मिलने से बच्चों में पढ़ाई को लेकर उत्साह देखने को मिला।
आयोजकों के अनुसार, ऐसे प्रयास आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने तथा उनके भीतर सीखने की रुचि विकसित करने में सहायक साबित हो सकते हैं।


