बरेली/सर्वोदय न्यूज़:- पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की ओर से उझानी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और आमजन को सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और समपार संख्या 286/ए पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को रेल सुरक्षा से जुड़े जरूरी नियमों की जानकारी दी गई।
यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रजत प्रताप सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया।
ज्वलनशील पदार्थ और धूम्रपान से बचने की अपील
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से रेल यात्रियों को ट्रेन में सफर के दौरान ज्वलनशील अथवा विस्फोटक सामग्री साथ लेकर नहीं चलने की सलाह दी गई। यात्रियों से ट्रेन के अंदर धूम्रपान नहीं करने तथा चलती ट्रेन के पायदान और छत पर यात्रा से पूरी तरह बचने की अपील की गई।
इसके अलावा प्लेटफॉर्म बदलते समय फुट ओवर ब्रिज का इस्तेमाल करने और बंद समपार फाटक को किसी भी स्थिति में अनधिकृत तरीके से पार नहीं करने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।
रेलवे ट्रैक के पास सावधानी बरतने की अपील
अभियान के दौरान रेलवे ट्रैक या समपार फाटक पार करते समय हेडफोन का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई। रेलवे ट्रैक के आसपास मवेशियों को न चराने और रेल पटरी तथा विद्युत पोल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
रेलवे प्रशासन ने लोगों से ट्रैक के आसपास पतंग नहीं उड़ाने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने की अपील की। जागरूकता अभियान के जरिए लोगों को बताया गया कि छोटी सी असावधानी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
यात्रियों से रेल प्रशासन की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों और आमजन से अपील की कि वे रेल सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करें और स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक करें।
अभियान का उद्देश्य रेल यात्रियों और आमजन में सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और रेलवे से जुड़ी दुर्घटनाओं को रोकने में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।


