वाराणसी/सर्वोदय न्यूज़: मानसून के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) आशीष जैन ने मंगलवार को बनारस रेलवे स्टेशन और बनारस कोचिंग डिपो का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल निकासी व्यवस्था, प्लेटफॉर्म, कोचों और यात्री सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्टेशन पर जल निकासी व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान DRM ने स्टेशन परिसर, सभी प्लेटफॉर्मों के शेड, पीपी शेल्टर, रेलवे ट्रैक, नालियों और ड्रेनेज पाइपों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि बारिश के दौरान कहीं भी जलभराव, रिसाव या जल प्लावन जैसी स्थिति न बनने पाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मानसून के दौरान संभावित समस्याओं की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी कमी का तत्काल समाधान किया जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
इस अवसर पर DRM आशीष जैन ने कहा कि रेलवे के लिए यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मानसून को देखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती और संरक्षात्मक उपाय लागू किए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, निर्बाध और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके।
कोचिंग डिपो में कोचों का भी हुआ निरीक्षण

स्टेशन निरीक्षण के बाद DRM ने बनारस कोचिंग डिपो पहुंचकर अनुरक्षित किए जाने वाले रेल कोचों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कोचों की छतों की जल निकासी व्यवस्था, एसी कोचों के दरवाजों और खिड़कियों में संभावित लीकेज, शौचालय और वॉश बेसिन की ड्रेनेज व्यवस्था, विद्युत उपकरणों की सुरक्षा, वायरिंग के इन्सुलेशन और अग्नि सुरक्षा प्रणाली की जांच की गई।
मानसून स्पेशल निरीक्षण के निर्देश
DRM ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कोच का मानसून स्पेशल निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली सभी तकनीकी और संरचनात्मक कमियों को तुरंत दूर किया जाए, ताकि बारिश के मौसम में भी यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (C&W) अभिषेक राय, सहायक मंडल इंजीनियर ए.के. पाण्डेय, सहायक यांत्रिक इंजीनियर (C&W) ओजस श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
उक्त जानकारी हिमान्शु राव मुख्य प्रचार निरीक्षक, वाराणसी ने दी



