लखनऊ के इरम कॉलेज में लगी आग, मची अफरातफरी, कल अग्निकांड में 15 जिंदा जले थे

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़: राजधानी लखनऊ में आग लगने की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के एक दिन बाद मंगलवार को ठाकुरगंज क्षेत्र स्थित इरम कॉलेज के कार्यालय में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कॉलेज में छात्र मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम और फायर विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चौक फायर स्टेशन की टीम दो दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार कॉलेज का मुख्य गेट बंद था, जिसके चलते दमकल कर्मियों को गेट का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश करना पड़ा। इसके बाद कार्यालय कक्ष का दरवाजा खोलकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

चौक फायर स्टेशन के एफएसओ पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग से कार्यालय में रखा फर्नीचर, दस्तावेज और अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

गौरतलब है कि सोमवार को अलीगंज सेक्टर-डी स्थित एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में इरम कॉलेज में आग लगने की ताजा घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles