Tuesday, June 23, 2026

Buy now

spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

लखनऊ अग्निकांड: घायलों को नौकरी पर लौटने तक वेतन दे सरकार, मृतकों के परिजनों को मिले 1 करोड़ रुपये- अखिलेश यादव

लखनऊ/ सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने मंगलवार को केजीएमयू पहुंचकर लखनऊ अग्निकांड में घायल लोगों से मुलाकात की और उनका हाल जाना। इस दौरान उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यदि सुरक्षा मानकों का सही ढंग से पालन किया गया होता तो इतनी बड़ी जनहानि टाली जा सकती थी।

मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने बताया कि उनकी मुलाकात एक ऐसे युवक से हुई है, जिसने जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगाई थी। हादसे में उसकी रीढ़ की हड्डी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने कहा कि युवक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है और उसके इलाज में लंबा समय लग सकता है। ऐसे में सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उसके दोबारा नौकरी पर लौटने तक उसका वेतन जारी रहे और इलाज का पूरा खर्च भी उठाया जाए।

मृतकों के परिजनों को मिले एक करोड़ की सहायता

सपा प्रमुख ने मांग की कि अग्निकांड में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को कम से कम एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद मिलनी चाहिए और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए।

15 लोगों की गई जान, कई घायल

गौरतलब है कि सोमवार को लखनऊ के अलीगंज सेक्टर-डी स्थित एक इमारत में भीषण आग लगने से छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों सहित 15 लोगों की मौत हो गई थी। आग से बचने के लिए कई लोगों को ऊपरी मंजिलों से कूदना पड़ा, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री ने किया दौरा

घटना के बाद मुख्यमंत्री Yogi Adityanath और रक्षा मंत्री Rajnath Singh ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इमारत मालिक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

एसआईटी करेगी जांच

प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जिसे सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है और अवैध व्यावसायिक उपयोग के आरोप में संबंधित भवन को गिराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

इस बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

1,388FansLike
133FollowersFollow
621SubscribersSubscribe
- Advertisement -[cricket_score]

Latest Articles