UPNews: उत्तर प्रदेश में बढ़ते बिजली संकट को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav ने मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के बयान पर तीखा पलटवार किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि अगले चुनाव में जनता भाजपा को “धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।”
योगी के बयान पर अखिलेश का तंज
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजली संकट पर विपक्ष को घेरते हुए कहा था कि समाजवादी पार्टी की सरकार में बिजली के तारों पर कपड़े सुखाए जाते थे। इसी बयान को लेकर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी।
अखिलेश ने लिखा कि,
“अगले चुनाव में जनता भाजपा को अच्छे से धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी। शुक्र है कि मुख्यमंत्री ने यह नहीं कहा कि इस बिजली संकट के पीछे दिल्ली से भेजे गए किसी दूत की साजिश है।”
अगले चुनाव में जनता भाजपा को अच्छे से धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।
शुक्र है उप्र के ‘असफल मुख्यमंत्री’ जी ने ये नहीं कहा कि इस ‘महा विद्युत आपदा’ के पीछे दिल्लीवालों के भेजे हुए दूत की साज़िश है। ये स्पष्ट किया जाए कि मुख्यमंत्री जी की समीक्षा बैठक में बिजली मंत्री जी आते…
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) May 27, 2026
उन्होंने आगे तंज कसते हुए पूछा कि बिजली मंत्री समीक्षा बैठकों में शामिल होते हैं या उन्हें बुलाया ही नहीं जाता। अखिलेश ने कहा कि अगर मंत्री बैठकों में आते हैं तो मुख्यमंत्री उनके साथ एक तस्वीर साझा कर दें, ताकि जनता को “आपसी गर्मी” से ही कुछ राहत मिल जाए।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
सपा प्रमुख ने अपने बयान में भाजपा सरकार पर बिजली व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में बिजली सब-स्टेशनों पर पीएसी तैनात करनी पड़ रही है और विधायक-सांसद अपनी ही सरकार के खिलाफ चिट्ठियां लिख रहे हैं।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि जनता के गुस्से से बचने के लिए ऐसा कर रहे हैं।
बिजली बचाने की अपील के साथ योगी का पलटवार
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बिजली संकट पर बोलते हुए कहा कि विपक्ष उन मुद्दों पर सवाल उठा रहा है, जिनकी स्थिति उनके शासनकाल में कहीं अधिक खराब थी।
उन्होंने लोगों से जरूरत के अनुसार ही बिजली इस्तेमाल करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनावश्यक लाइट और एसी न चलाएं तथा नगर निगम और ग्राम पंचायतें भी जरूरत के मुताबिक ही स्ट्रीट लाइट जलाएं।
यह भी पढ़े: I Love Modi… लेकिन पर्दे के पीछे वार! क्या बेअसर रहा मार्को रुबियो का भारत दौरा?
योगी ने कहा कि बिजली बचाना केवल पावर कॉरपोरेशन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार बिजली संकट समेत सभी समस्याओं का समाधान कर रही है।
सपा सरकार पर भी लगाए आरोप
मुख्यमंत्री योगी ने 2017 से पहले की समाजवादी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय गरीबों के लिए आवास योजनाएं प्रभावी तरीके से लागू नहीं होती थीं और योजनाओं का लाभ चुनिंदा लोगों तक सीमित रहता था।
योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने बिना भेदभाव के गरीबों, महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 65 लाख से अधिक गरीबों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा को लेकर भी सपा सरकार पर हमला बोला और कहा कि उस दौर में कानून-व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती थी।



