न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी परिवार से जुड़े कारोबारी और फिटनेस उद्यमी प्रतीक यादव के निधन के बाद उनकी संपत्ति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। 38 वर्ष की उम्र में उनका अचानक निधन हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई।
प्रतीक यादव ने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाकर रियल एस्टेट और फिटनेस इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई थी। वे मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के भाई थे।
उनकी पत्नी अपर्णा यादव उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। दोनों ने करीब 14 साल पहले विवाह किया था।
उपलब्ध सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रतीक यादव के पास लगभग 19.56 करोड़ रुपये की कुल चल और अचल संपत्ति थी। इसमें एक लग्जरी लैंबॉर्गिनी कार भी शामिल थी, जिसकी कीमत करीब 5.21 करोड़ रुपये बताई जाती है| बताया जाता है कि इस कार की खरीद के लिए उन्होंने बैंक से लोन भी लिया था |
यह भी पढ़े: “कहां है पुष्पा?”: फाल्टा उपचुनाव से पहले CM शुभेंदु अधिकारी का TMC पर बड़ा हमला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रतीक यादव का कई रियल एस्टेट कंपनियों से अप्रत्यक्ष संबंध था, जिनमें फेम इंफ्रा सिटी, रोबस्ट रियल्टर्स , रोबस्ट रेजिडेंसी शामिल है |
हालांकि आधिकारिक तौर पर वे किसी कंपनी के डायरेक्टर के रूप में दर्ज नहीं थे। इन कंपनियों का संचालन कथित तौर पर उनके करीबी लोगों के नाम पर होता था।
प्रतीक यादव के निधन के बाद उनकी करोड़ों की संपत्ति उनकी दोनों बेटियों को विरासत में मिलेगी। अपर्णा यादव के चुनावी हलफनामे (2015-16) के अनुसार, परिवार की वार्षिक आय करीब 1.47 करोड़ रुपये बताई गई थी, जो व्यवसाय और संपत्तियों से आती थी।
प्रतीक यादव ने Iron Core Fit नाम से जिम और फिटनेस ब्रांड की शुरुआत की थी, जिसकी लखनऊ में कई शाखाएं हैं। जिम में विदेशी उपकरण लगाए गए थे | सोशल मीडिया पर वे फिटनेस टिप्स साझा करते रहते थे | युवाओं के बीच उनकी अच्छी लोकप्रियता थी |
हालांकि यादव परिवार का पैतृक संबंध सैफई से है, लेकिन खबरों के अनुसार प्रतीक यादव के नाम वहां कोई संपत्ति नहीं थी। वे गौतमपल्ली स्थित अपने घर में परिवार के साथ रहते थे।
13 मई की सुबह उनका निधन हुआ और 14 मई को लखनऊ में अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें अखिलेश यादव सहित कई प्रमुख लोग शामिल हुए।



