न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav ने ‘विजन इंडिया’ पहल के तहत किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा एक ड्राफ्ट में उन्होंने किसानों की मौजूदा स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि आज हर कदम पर संघर्ष करना पड़ रहा है।
किसानों की स्थिति पर जताई चिंता
अखिलेश यादव ने अपने ड्राफ्ट में लिखा कि देश में किसानों की हालत चिंताजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते इस मुद्दे पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो इसका असर देश की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या केवल आय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवनयापन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से भी जुड़ा बड़ा मुद्दा बन चुकी है।
‘विजन इंडिया’ के जरिए समाधान की बात
सपा प्रमुख ने ‘विजन इंडिया: प्लान, डेवलप, एसेंट’ के तहत एक व्यापक सोच पेश की है। उनका कहना है कि यह पहल देश को एक सकारात्मक, प्रगतिशील और समावेशी दिशा में आगे ले जाने का प्रयास है।
इस पहल का उद्देश्य बिना भेदभाव के विकास सुनिश्चित करना और देश को ‘नियो इंडिया’ की ओर ले जाना बताया गया है।
क्या है ‘विजन इंडिया’?
अखिलेश यादव ने पहले भी ‘विजन इंडिया’ को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट की थी। उनके मुताबिक, PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज को सशक्त बनाना इसका मुख्य लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि नई सोच और नए प्लान के जरिए 90% समाज को सशक्त किया जाएगा, जिससे देश अपने आप विकास की राह पर आगे बढ़ेगा और ‘नियो इंडिया’ का निर्माण होगा।