Kolkata Hospital Fire: आनंदलोक अस्पताल में आग, कई मंजिलें चपेट में; मरीजों को सुरक्षित निकाला गया

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- पश्चिम बंगाल की राजधानी Kolkata में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। साल्टलेक इलाके के करुणामयी क्रॉसिंग स्थित Anandalok Hospital में अचानक आग लग गई, जिससे अस्पताल की कई मंजिलें धुएं और लपटों की चपेट में आ गईं।

मौके पर पहुंची दमकल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती तौर पर तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को तैनात किया गया।

मरीजों को सुरक्षित स्थान पर किया गया शिफ्ट

आग लगते ही अस्पताल प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से मरीजों को तेजी से बाहर निकाला गया। स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के जरिए करीब 75–80 मरीजों को सुरक्षित दूसरी इमारत में शिफ्ट किया गया।
राहत की बात यह है कि अब तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

आग लगने की वजह की जांच जारी

अभी तक आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अस्पताल की कैथ लैब से धुआं उठता देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि एसी में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी हो सकती है।

चश्मदीदों ने क्या बताया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूसरी मंजिल से आग की लपटें उठती दिखाई दीं, जिसके बाद कुछ ही देर में पूरे इलाके में धुआं फैल गया। स्थानीय लोगों ने भी मरीजों को बाहर निकालने में अस्पताल स्टाफ की मदद की।

प्रशासन का बयान

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अस्पताल को पूरी तरह खाली करा लिया गया है और सभी मरीज सुरक्षित हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करने के लिए हर मंजिल की जांच की जा रही है कि कोई भी अंदर न रह जाए।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles