न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- देश में लोकसभा और विधानसभाओं में महिला आरक्षण लागू करने को लेकर बड़ी तैयारी चल रही है। प्रस्ताव है कि सीटों की संख्या में करीब 50% तक इजाफा किया जाए, जिससे महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिल सके। अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो कई राज्यों की राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है।
यूपी सबसे आगे, 600 के पार होंगे विधायक
उत्तर प्रदेश इस बदलाव के बाद भी सबसे आगे रहेगा। वर्तमान में राज्य में 403 विधायक और 80 लोकसभा सांसद हैं, लेकिन प्रस्ताव लागू होने पर यहां विधायकों की संख्या बढ़कर 600 से अधिक, यानी करीब 604 हो सकती है। वहीं सांसदों की संख्या भी बढ़कर लगभग 120 तक पहुंच सकती है।
इन राज्यों में भी बड़ा इजाफा
यूपी के बाद दूसरे नंबर पर पश्चिम बंगाल होगा, जहां करीब 441 विधायक हो सकते हैं। तीसरे स्थान पर महाराष्ट्र (432 विधायक) और चौथे स्थान पर बिहार (करीब 365 विधायक) रहेंगे। इसके अलावा 300 से अधिक विधायकों वाले राज्यों में राजस्थान, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु शामिल होंगे।
सांसदों की संख्या भी बढ़ेगी
लोकसभा सीटों की बात करें तो यूपी के बाद सबसे ज्यादा सांसद महाराष्ट्र से चुने जाएंगे (करीब 72)। इसके बाद पश्चिम बंगाल (63), बिहार (60) और तमिलनाडु (59) का नंबर आएगा। हालांकि, कुल अनुपात में कोई बदलाव नहीं होगा—सिर्फ सीटों की संख्या बढ़ेगी।
दक्षिणी राज्यों की चिंता दूर करने की कोशिश
दक्षिण भारत के राज्यों—जैसे तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना—की लंबे समय से चिंता रही है कि नई जनगणना के आधार पर परिसीमन होने से उनकी सीटें कम हो सकती हैं।
इस मुद्दे पर एम. के. स्टालिन और चंद्रबाबू नायडू जैसे नेताओं ने आवाज उठाई है। उनका कहना है कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को नुकसान नहीं होना चाहिए। सरकार ने फिलहाल 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन की बात कहकर संतुलन बनाने की कोशिश की है।
कुछ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बदलाव नहीं
प्रस्ताव के तहत कुछ छोटे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों—जैसे सिक्किम, नागालैंड और मिजोरम—की लोकसभा सीटों में कोई बदलाव नहीं होगा।
वहीं दिल्ली में सांसदों की संख्या 7 से बढ़कर 11 हो सकती है और विधायकों की संख्या 105 तक पहुंचने की संभावना है।
इसी तरह उत्तराखंड में भी 105 विधायक हो सकते हैं, जबकि हरियाणा और छत्तीसगढ़ में यह संख्या 135 तक पहुंच सकती है।



