सर्वोदय न्यूज़:- टीवी की दुनिया में एक बार फिर हलचल मचने वाली है, क्योंकि छोटे पर्दे की सबसे आइकॉनिक बहू तुलसी विरानी यानी स्मृति ईरानी जल्द ही दर्शकों के बीच वापसी करने जा रही हैं। जी हां, स्टार प्लस पर शुरू हो रहे ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी सीजन 2’ में स्मृति लीड रोल में नजर आएंगी। शो 29 जुलाई 2025 से हर रात 10:30 बजे प्रसारित होगा।
क्या राजनीति से ब्रेक लेंगी स्मृति ईरानी?
जब से शो की घोषणा हुई है, सोशल मीडिया पर ये सवाल तेजी से उठ रहा है कि क्या स्मृति ईरानी टीवी पर वापसी के चलते राजनीति से दूरी बना रही हैं? इस पर खुद केंद्रीय मंत्री और सांसद स्मृति ईरानी ने जवाब देते हुए साफ किया है कि वो अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियों से बिल्कुल भी पीछे नहीं हट रही हैं।
एक यूजर ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “डियर स्मृति ईरानी, आपको टीवी पर वापसी के लिए ऑल द बेस्ट। उम्मीद है इससे आप राजनीति से थोड़ा ब्रेक लेंगी।”
इस पर स्मृति ईरानी ने जवाब दिया, “कोई ब्रेक नहीं, कोई छुट्टी नहीं। मैंने 25 साल से मीडिया और पॉलिटिक्स में काम किया है, सिर्फ कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी के चलते एक दशक का ब्रेक लिया था। कभी संगठन की जिम्मेदारी से समझौता नहीं किया है।”
फैंस का उत्साह और मां को प्रणाम
एक अन्य यूजर ने लिखा कि वे और उनके जैसे हजारों लोग चाहते हैं कि स्मृति राजनीति में भी सक्रिय बनी रहें, खासकर जब बंगाल और यूपी में चुनाव नजदीक हैं। इसके जवाब में स्मृति ने लिखा:
“आपकी मां को मेरा प्रणाम। आप निश्चिंत रहें, मैं संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी को अच्छे से निभाऊंगी।”
मिहिर और तुलसी की जोड़ी फिर लौटेगी
इस शो के साथ अमर उपाध्याय भी मिहिर विरानी के किरदार में वापसी कर रहे हैं। वहीं, शो को एक बार फिर एकता कपूर प्रोड्यूस कर रही हैं। कुछ समय पहले एकता ने कहा था कि वह पहले इस शो का सीजन 2 लाने के लिए तैयार नहीं थीं, लेकिन फिर उन्होंने नई कहानी और नए नजरिए के साथ इसे दोबारा शुरू करने का फैसला किया।



