कानपुर देहात/लखनऊ /सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। वहीं योगी सरकार की “टीम-11” के सदस्य और राज्य सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद का बाढ़ प्रभावितों को लेकर दिया गया एक बयान सोशल मीडिया पर ज़बरदस्त विवाद का विषय बन गया है। बाढ़ राहत के नाम पर मंत्री के बोल लोगों के जले पर नमक छिड़कने जैसे लगे।
क्या कहा संजय निषाद ने?
डॉ. संजय निषाद, जो कि निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं, मंगलवार को कानपुर देहात में बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक गांव में लोगों को संबोधित करते हुए कहा: “गंगा मैया, गंगा पुत्रों के पांव धुलने आती हैं। गंगा के पुत्र सीधे स्वर्ग जाते हैं। विरोधी लोग आपको उल्टा-सीधा पढ़ाते हैं। सौभाग्य है सबका कि गंगा जी आ जाती हैं।
गेहूं की फसल अच्छी होती है, भले ही तीन महीने परेशानी हो।”इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसमें लोग मंत्री के बयान को असंवेदनशील (insensitive) और गैर-जिम्मेदाराना बता रहे हैं।
वीडियो वायरल, विपक्ष हमलावर
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने इस वीडियो को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए मंत्री और योगी सरकार पर सीधा हमला बोला। कांग्रेस ने तंज कसा: “गंगा मैया गंगा पुत्रों के पैर धोने आती हैं, आदमी सीधे स्वर्ग जाता है — ये बयान है योगी सरकार के मंत्री का। मंत्री खुद लखनऊ के पॉश इलाके में रहते हैं, गंगा तो क्या नाली भी उनके दरवाजे पर नहीं बहती। तो क्या इसका मतलब ये निकाला जाए कि मंत्री जी सीधे… वहां जाएंगे?”
कांग्रेस ने आगे लिखा, “जनता को मूर्ख समझने वाले भाजपाई ये भूल जाते हैं कि जनता अब सब कुछ जानती है और समय आने पर हिसाब भी चुकता करेगी।”



