रोहतास (बिहार)/सर्वोदय न्यूज़ :- बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमाने लगी है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को मिलकर “वोटर अधिकार यात्रा” की शुरुआत की। यह यात्रा रोहतास जिले के डेहरी स्थित सुअरा हवाई अड्डे से आरंभ हुई और इसका मकसद चुनाव आयोग पर फर्जी वोटर लिस्ट को लेकर दबाव बनाना और लोकतंत्र की रक्षा करना बताया जा रहा है।
यात्रा में लालू प्रसाद यादव, मल्लिकार्जुन खरगे, भूपेश बघेल, मुकेश साहनी, मनोज झा, सुप्रिया श्रीनेत, पप्पू यादव समेत विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के तमाम बड़े नेता शामिल हुए।
राहुल गांधी का तीखा हमला
राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा,”यह संविधान बचाने की लड़ाई है। भाजपा और आरएसएस भारत के संविधान को खत्म करना चाहते हैं। हर चुनाव में इन्होंने वोट चुराए हैं। बिहार की जनता अब वोट चोरी नहीं होने देगी। गरीबों के पास सिर्फ वोट है और हम उनके अधिकार की रक्षा करेंगे।”
EC पर गंभीर आरोप, लोकतंत्र पर संकट
राहुल गांधी, सुप्रिया श्रीनेत और भूपेश बघेल सहित कई नेताओं ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के साथ मिलकर EC वोटर लिस्ट से गरीब, प्रवासी और विपक्षी मतदाताओं के नाम हटा रही है।
मनोज झा ने कहा,”चुनाव आयोग अब अंपायर नहीं, खिलाड़ी बन गया है।”
वहीं, सुप्रिया श्रीनेत ने कहा,”अगर EC खुद मान रहा है कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी है तो उसे ठीक करना भी उसी की जिम्मेदारी है।”
सरकार की ओर से पलटवार
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और गिरिराज सिंह ने वोटर अधिकार यात्रा को “राजनीतिक ड्रामा” करार दिया। जीतन राम मांझी ने कहा,”मर चुके लोगों और फर्जी वोटरों को हटाना एक सतत प्रक्रिया है। यह यात्रा पत्थर पर सिर पटकने जैसा है।”
गिरिराज सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा,”ये लोग कंस की राह पर हैं, और जैसे कंस का नाश हुआ था, वैसे ही इनका भी होगा।”
यात्रा का रूट और उद्देश्य
- यह यात्रा 16 दिनों में 3000 किलोमीटर तय करेगी और 1 सितंबर को गांधी मैदान, पटना में समाप्त होगी।
- यात्रा रोहतास, औरंगाबाद सहित राज्य के कई जिलों से होकर गुजरेगी।
- इसका उद्देश्य चुनाव आयोग की कथित पक्षपातपूर्ण कार्यप्रणाली और वोटर लिस्ट से नाम काटने के खिलाफ जन जागरूकता फैलाना है।
सभा में दिखा भारी जनसमर्थन
सुअरा हवाई अड्डा पर आयोजित सभा में भारी भीड़ उमड़ी। आरजेडी कार्यकर्ताओं ने मंच पर लालू यादव और तेजस्वी यादव के पहुँचते ही जबरदस्त नारेबाज़ी की। पूरा डेहरी शहर इंडिया गठबंधन के पोस्टरों और झंडों से सजा नजर आया।



