लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- राजधानी लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान में अब वीवीआईपी और वीआईपी मरीजों को चिकित्सा सेवाओं में प्राथमिकता दी जाएगी। संस्थान प्रशासन ने इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि ऐसे मरीजों के इलाज और देखभाल में कोई चूक न हो।
VIP मरीजों के लिए विशेष प्रोटोकॉल
1 अगस्त को जारी आदेश में कहा गया है कि:जैसे ही कोई VIP मरीज (मंत्री, माननीय, वरिष्ठ अधिकारी) अस्पताल पहुंचे, तत्काल संस्थान प्रमुख और संबंधित विभागाध्यक्ष को सूचना दी जाए। साथ ही डॉक्टर और अन्य स्टाफ मरीजों के परिजनों से भी शिष्टाचार और संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करें। किसी भी स्तर पर असम्मानजनक व्यवहार या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इलाज में प्राथमिकता, सभी सुविधाएं उपलब्ध
आदेश में यह भी कहा गया है कि: मरीजों के लिए प्रोटोकॉल के अनुसार बेड, दवा, बिजली-पानी, साफ-सफाई जैसी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। OPD, इमरजेंसी और ICU में VIP मरीजों के लिए अलग से व्यवस्था की जाए।पूरे इलाज की निगरानी उच्च अधिकारियों द्वारा की जाए।
लोहिया संस्थान में रोज़ाना 3000 से ज़्यादा मरीज
आपको बतादें कि लोहिया संस्थान में प्रतिदिन 3000 से अधिक मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचते हैं। संस्थान में 1000 बेड हैं, जो अक्सर फुल रहते हैं। ऐसे में VIP प्रोटोकॉल को लेकर आम मरीजों के इलाज पर असर न पड़े, यह सुनिश्चित करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।



