न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में सोमवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग पर अड़ गया। करीब दो घंटे तक चले ड्रामे के बाद पुलिस और परिजनों की समझाइश पर वह नीचे उतरा।
क्या है पूरा मामला?
घटना इटवा थाना क्षेत्र के पिपरा पठान गांव के पास की है। जानकारी के मुताबिक, युवक का एक युवती से प्रेम संबंध था, लेकिन शादी की बात आगे नहीं बढ़ पा रही थी।
इसी से नाराज होकर युवक टॉवर पर चढ़ गया और साफ कह दिया कि जब तक उसकी शादी नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा।
मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम भी तत्काल पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस और परिजन लगातार मोबाइल फोन के जरिए युवक से बातचीत करते रहे।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक ने आखिरकार अपनी जिद छोड़ी और नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कुशीनगर में भी ऐसा ही मामला
इसी तरह की एक और घटना कुशीनगर जिले में सामने आई, जहां एक नाबालिग किशोरी मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई।
प्रेमी को छुड़ाने की मांग
बताया जा रहा है कि किशोरी अपने प्रेमी की रिहाई की मांग कर रही थी, जिसे पुलिस ने जेल भेज दिया था। वह करीब पांच घंटे तक टॉवर पर चढ़ी रही और नीचे उतरने से इनकार करती रही।
पुलिस की सूझबूझ से टला हादसा
पुलिस और स्थानीय लोगों के लगातार प्रयास और बातचीत के बाद किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना के बाद इलाके में राहत की सांस ली गई।