न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची के पुनरीक्षण ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। 7 जनवरी को जारी डुप्लीकेट मतदाता रिपोर्ट के मुताबिक, गोंडा जिले के 16 विकासखंडों की 1192 ग्राम पंचायतों में कुल 10,04,934 संभावित डुप्लीकेट मतदाता चिन्हित किए गए हैं। यह आंकड़ा न केवल चौंकाने वाला है, बल्कि चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े करता है।
रिपोर्ट के अनुसार, परसपुर और मनकापुर विकासखंड में डुप्लीकेट मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक सामने आई है। परसपुर में 88,193 और मनकापुर में 77,140 मतदाताओं के नाम संदिग्ध श्रेणी में दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा रूपईडीह, झंझरी, बेलसर, कटरा बाजार और वजीरगंज ब्लॉक में भी बड़ी संख्या में डुप्लीकेट मतदाता पाए गए हैं।
वहीं, पड़री कृपाल और मुजेहना ब्लॉक में अन्य विकासखंडों की तुलना में डुप्लीकेट मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम दर्ज की गई है। पड़री कृपाल में 40,103 और मुजेहना में 50,448 मतदाता चिन्हित किए गए हैं।
यह भी पढ़े:- क्षत्रिय समाज का बड़ा नेता कौन? राजा भैया या कोई और—बृजभूषण शरण सिंह का तीखा बयान
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निर्वाचन विभाग ने व्यापक घर-घर सत्यापन अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) प्रत्येक घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। सत्यापन के दौरान मतदाता के वास्तविक निवास, मृत्यु, स्थानांतरण और नाम की दोहरी प्रविष्टि जैसी जानकारियों की जांच की जाएगी। इसी प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
ब्लॉकवार डुप्लीकेट मतदाताओं की स्थिति
परसपुर – 88,193
मनकापुर – 77,140
रूपईडीह – 71,359
झंझरी – 69,528
बेलसर – 67,710
कटरा बाजार – 65,562
वजीरगंज – 65,314
नवाबगंज – 62,932
छपिया – 61,818
तरबगंज – 58,642
करनैलगंज – 57,548
हलधरमऊ – 56,759
बभनजोत – 56,589
इटियाथोक – 55,289
मुजेहना – 50,448
पड़री कृपाल – 40,103
क्या बोले एडीएम
अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान के लिए बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं से आधार कार्ड लेकर उसकी फीडिंग की जाएगी, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सके।



