यूपी में एक और बड़ा चुनाव: 11 सीटों पर होगा मुकाबला, भाजपा-सपा ने कसी कमर; जानें पूरा शेड्यूल

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य में राज्यसभा चुनाव के साथ अब विधान परिषद की 11 सीटों के लिए भी चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन सीटों पर 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

विधान परिषद की जिन 11 सीटों पर चुनाव होना है, उनमें 5 खंड स्नातक और 6 खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है।

29 सितंबर से शुरू होगी चुनावी प्रक्रिया

चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार विधान परिषद चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। उम्मीदवारों के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर तय की गई है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।

इसके बाद 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

चुनाव कार्यक्रम एक नजर में

  • अधिसूचना: 29 सितंबर 2026
  • नामांकन की अंतिम तारीख: 6 अक्टूबर
  • नामांकन पत्रों की जांच: 7 अक्टूबर
  • नाम वापसी: 9 अक्टूबर
  • मतदान: 23 अक्टूबर, सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक
  • मतगणना: 27 अक्टूबर
  • चुनाव प्रक्रिया पूरी होने की तारीख: 31 अक्टूबर 2026

किन निर्वाचन क्षेत्रों में होगा चुनाव?

इस बार जिन 11 निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव होना है, उनमें लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीटें शामिल हैं। इसके अलावा लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भी चुनाव होगा।

इन निर्वाचन क्षेत्रों से मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने के कारण चुनाव कराया जा रहा है।

इन 11 सदस्यों का कार्यकाल हो रहा खत्म

चुनाव के कारण जिन मौजूदा सदस्यों की सीटें रिक्त होंगी, उनमें लखनऊ खंड स्नातक से अवनीश कुमार सिंह, वाराणसी से आशुतोष सिन्हा, आगरा से डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, मेरठ से दिनेश कुमार गोयल और इलाहाबाद-झांसी से डॉ. मान सिंह यादव शामिल हैं।

वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ से उमेश द्विवेदी, वाराणसी से लाल बिहारी यादव, आगरा से डॉ. आकाश अग्रवाल, मेरठ से श्रीचंद शर्मा, बरेली-मुरादाबाद से हरी सिंह ढिल्लो और गोरखपुर-फैजाबाद से ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

भाजपा ने पांच सीटों पर पहले ही उतारे प्रत्याशी

भाजपा ने विधान परिषद की इन 11 सीटों में से पांच के लिए प्रत्याशियों का ऐलान पहले ही कर दिया था। पार्टी ने लखनऊ स्नातक सीट से इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, लखनऊ शिक्षक सीट से उमेश द्विवेदी, आगरा स्नातक सीट से डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट से डॉ. हरि सिंह ढिल्लो और मेरठ शिक्षक सीट से श्रीचंद शर्मा को फिर से प्रत्याशी बनाया है।

बाकी सीटों के लिए पार्टी की ओर से उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने हैं।

बाकी सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर मंथन

भाजपा के सामने अभी गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक, इलाहाबाद-झांसी स्नातक, वाराणसी स्नातक एवं शिक्षक, आगरा शिक्षक और मेरठ स्नातक सीटों के लिए प्रत्याशी तय करने की प्रक्रिया बाकी है। इन सीटों पर संभावित नामों को लेकर पार्टी स्तर पर चर्चा जारी है।

मीडिया रिपोर्टों में गोरखपुर शिक्षक सीट के लिए ध्रुव कुमार त्रिपाठी और इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट के लिए सुरेश त्रिपाठी के नाम की चर्चा की गई है। हालांकि अंतिम प्रत्याशी की पुष्टि पार्टी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही होगी।

सपा सभी 11 सीटों पर कर चुकी है प्रत्याशी घोषित

समाजवादी पार्टी इन 11 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम पहले ही घोषित कर चुकी है। ऐसे में चुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद अब दोनों प्रमुख दलों की चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं।

तीन जिलों को छोड़कर पूरे यूपी में आचार संहिता

विधान परिषद चुनाव की घोषणा के साथ ही उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर प्रदेश के अन्य जिलों में चुनाव से संबंधित आचार संहिता के प्रावधान लागू रहेंगे।

विधान परिषद के इन चुनावों के साथ ही उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियों का एक और महत्वपूर्ण चरण शुरू हो गया है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles