जौनपुर/सर्वोदय न्यूज़:-उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से मंदिर में करवाई, और न केवल शादी में शामिल हुआ, बल्कि उन्हें आशीर्वाद देकर विदा भी किया। यह पूरी घटना दुर्गा मंदिर में घटी और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, जौनपुर निवासी युवक की शादी दो साल पहले खेतासराय थाना क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। शादी पारंपरिक रीति-रिवाजों से हुई, लेकिन शादी के बाद युवती अपने प्रेमी यशवंत बिंद को नहीं भूल पाई। शादी के कुछ समय बाद ही वह मायके जाने के बहाने प्रेमी संग फरार हो गई।
पति ने रिश्ते को टूटने से बचाने की भरपूर कोशिश की। उसे किसी तरह ढूंढकर घर लाया और अपने साथ नोएडा ले गया, जहां वह नौकरी करता है। लेकिन पत्नी का प्रेमी से संपर्क जारी रहा। एक दिन पत्नी ने यहां तक कह दिया कि अगर उसे जबरन रोका गया तो वह कोई भी कठोर कदम उठा सकती है।
इस स्थिति को देखकर पति ने ऐसा फैसला लिया, जो आमतौर पर बहुत कम लोग ले पाते हैं। उसने अपनी भावनाओं से ऊपर उठकर पत्नी की इच्छा का सम्मान किया और उसे प्रेमी से मिलाकर शादी करवाने का निर्णय लिया।
पति अपनी पत्नी को लेकर जौनपुर के दुर्गा मंदिर पहुंचा और वहां प्रेमी यशवंत बिंद को भी बुलाया। तीनों के बीच समझदारी से बात हुई और फिर मंदिर में शादी कराई गई। यशवंत ने पत्नी की मांग में सिंदूर भरा, और पति पूरे समय शांत भाव से वहां खड़ा रहा। शादी के बाद उसने दोनों को आशीर्वाद देकर विदा किया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसमें यशवंत अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरते नजर आ रहा है।
मीडिया से बात करते हुए पति ने कहा:“मैं उसे जबरन नहीं रोकना चाहता था। मुझे जब समझ आ गया कि उसका मन किसी और के साथ है, तो मैंने वही रास्ता चुना जिसमें सभी की भलाई हो। अब वे जैसे चाहें, वैसे अपनी जिंदगी जी सकते हैं। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।”



