न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- नए साल की शुरुआत के साथ ही यात्रियों के लिए रेलवे की ओर से बड़ा बदलाव किया गया है। 1 जनवरी से कई ट्रेनों की टाइमिंग में संशोधन किया गया है। नई समय-सारिणी के अनुसार अधिकांश ट्रेनें पहले की तुलना में कुछ मिनट पहले रवाना होंगी और अपने गंतव्य पर भी पहले पहुंचेंगी।
पूर्वोत्तर रेलवे (NER) ने वाराणसी मंडल के अंतर्गत संचालित दर्जनभर से अधिक ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। यह नई व्यवस्था 1 जनवरी से प्रभावी होगी। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और संचालन को बेहतर बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
नई समय-सारिणी के अनुसार बनारस–पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस अब सुबह 6:20 बजे की जगह 6:15 बजे प्रस्थान करेगी। उधना–दानापुर एक्सप्रेस का समय भी बदला गया है और यह अब 4:55 की बजाय 4:45 बजे रवाना होगी।
इसी तरह प्रयागराज जंक्शन–मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस अब 7:25 के स्थान पर 7:03 बजे, जबकि डॉ. अंबेडकर नगर–कामाख्या एक्सप्रेस 11:45 की जगह 11:25 बजे चलेगी।
बनारस–रांची एक्सप्रेस और बनारस–विशाखापत्तनम एक्सप्रेस दोनों ही अब शाम 3 बजे की बजाय 2:50 बजे प्रस्थान करेंगी। वहीं अहमदाबाद–पटना एक्सप्रेस वाराणसी जंक्शन से अब 11:50 के स्थान पर 11:35 बजे रवाना होगी।
कुछ ट्रेनों की टाइमिंग में बढ़ोतरी भी की गई है। मुजफ्फरपुर–प्रयागराज जंक्शन बापूधाम एक्सप्रेस अब 6:05 की जगह 6:25 बजे, जबकि बनारस–प्रयागराज रामबाग मेमू 6:30 के बजाय 6:40 बजे चलेगी।
वाराणसी सिटी से चलने वाली ट्रेनों में भी बदलाव किया गया है। वाराणसी सिटी–जोधपुर मरुधर एक्सप्रेस अब 4:25 की जगह 4:40 बजे, साबरमती एक्सप्रेस 2:05 के बजाय 2:00 बजे और वाराणसी सिटी–गोरखपुर कैंट एक्सप्रेस 11:45 की जगह 11:50 बजे प्रस्थान करेगी।
इसके अलावा बनारस–लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस अब 5:05 के स्थान पर 4:55 बजे चलेगी।
प्रमुख बदलाव
प्रयागराज और कानपुर रूट पर प्रयागराज मंडल की 19 प्रमुख ट्रेनों के समय में 5 मिनट से लेकर एक घंटे तक का बदलाव किया गया है। इसमें संगम एक्सप्रेस और कालिंदी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार गोरखपुर, वाराणसी और लखनऊ जंक्शन से गुजरने वाली कुल 107 ट्रेनों की समय-सारिणी में संशोधन किया गया है। नई व्यवस्था के तहत लगभग 62 एक्सप्रेस ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाई गई है, जिससे यात्रियों का सफर 5 से 20 मिनट तक कम हो जाएगा।
यह भी पढ़े:- नए साल में योगी सरकार में बदलाव के संकेत, कैबिनेट से लेकर संगठन तक हो सकता है फेरबदल
हालांकि, नए टाइम टेबल के बीच घने कोहरे का असर भी देखने को मिल रहा है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश और बिहार रूट की 50 से अधिक ट्रेनें 1 से 12 घंटे तक देरी से चल रही हैं।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन का नया समय और वर्तमान स्थिति जरूर जांच लें। इसके लिए NTES मोबाइल ऐप या 139 हेल्पलाइन नंबर का उपयोग किया जा सकता है।



