पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर इंजीनियर ने की आत्महत्या, सुसाइड वीडियो में सुनाई दर्दनाक कहानी

इटावा, उत्तर प्रदेश/सर्वोदय: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सीमेंट कंपनी में कार्यरत फील्ड इंजीनियर ने कथित तौर पर पत्नी और ससुराल वालों की मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मोहित यादव के रूप में हुई है, जो औरैया जनपद के दिबियापुर के रहने वाले थे।
घटना रेलवे स्टेशन रोड स्थित जौली होटल की है, जहां से मोहित का शव कमरे में फांसी पर लटका हुआ मिला। आत्महत्या से पहले मोहित ने एक वीडियो संदेश रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने अपनी आपबीती सुनाते हुए इंसाफ की गुहार लगाई।
“काश लड़कों के लिए भी कानून होता…” – मोहित की आखिरी बात
मोहित ने अपने वीडियो में कहा:
“जब तक आप लोगों को यह वीडियो मिलेगा, तब तक मैं इस दुनिया में नहीं रहूंगा। काश लड़कों के लिए भी कोई कानून होता। मैं अपनी पत्नी और उसके परिवार से हो रही मानसिक प्रताड़ना को सहन नहीं कर पाया, इसलिए यह कदम उठा रहा हूं।”
मोहित ने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी प्रिया यादव की मां ने उनके बच्चे का गर्भपात करवा दिया, और ज्वेलरी व अन्य सामान अपने पास रख लिया। प्रिया और उसका परिवार लगातार मोहित पर जमीन और प्रॉपर्टी को अपने नाम करने का दबाव बना रहा था, और ऐसा न करने पर दहेज के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही थी।
प्रेम विवाह के बाद बदला माहौल
मोहित और प्रिया का रिश्ता सात साल के प्रेम संबंध के बाद विवाह में बदला। विवाह के कुछ समय तक सब सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद स्थितियां बिगड़ने लगीं। मृतक के भाई तरण प्रताप के अनुसार,
“शादी के तीन महीने बाद से ही प्रिया ने भाई को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। घरवालों से अलग कर दिया और संपत्ति को अपने नाम करने का दबाव बनाया।”
वीडियो स्टेटस पर डाला और रातों-रात अंत कर लिया
मोहित ने आत्महत्या से पहले रात में ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया स्टेटस पर पोस्ट कर दिया था। सुबह जब होटल स्टाफ ने कमरा नहीं खुलते देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाज़ा खोलकर शव बरामद किया।
पुलिस जांच में जुटी, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। मृतक परिवार ने प्रिया यादव, उसकी मां और भाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं और न्याय की मांग की है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles