गुरुग्राम/सर्वोदय न्यूज़:- यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित आवास पर रविवार सुबह अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर सनसनी फैला दी। यह घटना सेक्टर 57 इलाके में सुबह करीब 5:30 बजे हुई, जब एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे। हालांकि उस समय उनके परिजन घर में थे, लेकिन इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए। आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। इस बीच एक CCTV वीडियो सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि दो हमलावर बाइक को कुछ दूरी पर खड़ा कर, दौड़ते हुए एल्विश यादव के घर तक पहुंचते हैं और वहां ताबड़तोड़ फायरिंग करते हैं। दोनों हमलावरों ने हेलमेट और कपड़े से अपने चेहरे को ढक रखा था। फुटेज में एक हमलावर को घर के गेट पर चढ़कर अंदर गोली चलाते हुए भी देखा जा सकता है।
एल्विश यादव के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग! सुबह 5:30 बजे बाइक सवारों ने बरसाईं गोलियां, CCTV फुटेज वायरल। #ElvishYadav #Gurugram pic.twitter.com/mhdNm9sz93
— Sarvoday News (@sarvodaynews) August 17, 2025
पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी में दो दर्जन से ज्यादा राउंड फायर किए गए, जिनके निशान घर की ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर पाए गए हैं।
भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी, सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल
इस हमले की जिम्मेदारी ‘भाऊ गैंग’ नामक आपराधिक गिरोह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए ली है। पोस्ट में दावा किया गया है कि यह फायरिंग नीरज फरीदपुर और भाऊ रिटोलिया के निर्देश पर की गई है। साथ ही एल्विश यादव पर सट्टा प्रमोशन के जरिए लोगों की जिंदगी खराब करने का आरोप लगाया गया है। पोस्ट में अन्य लोगों को भी धमकी दी गई है।
परिवार के अनुसार, एल्विश को हमले से पहले कोई धमकी नहीं मिली थी और वह वर्तमान में हरियाणा से बाहर हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही FIR दर्ज की जाएगी।
पुलिस जांच जारी
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि वे हमलावरों की पहचान के लिए CCTV फुटेज और तकनीकी सबूतों की मदद ले रहे हैं। साथ ही आसपास के इलाकों में पूछताछ भी की जा रही है। फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।



