सर्वोदय (मथुरा):- मथुरा के वृंदावन से एक हैरान करने वाला मामला आया है। जहाँ सुनरख गांव के एक युवक ने खुद का ही ऑपरेशन कर डाला। आपको बतादें कि युवक लंबे समय से पेट दर्द से परेशान था जिसके चलते युवक ने इस कारनामे को YouTube देखकर अंजाम दे दिया। इतना ही नहीं ऑपरेशन के बाद युवक ने खुद को 11 टांके भी लगा लिए। समस्या बढ़ जाने पर युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की गंभीरता देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार वृंदावन के सुनरख गांव निवासी 32 वर्षीय राजा बाबू पिछले कई दिनों से पेट दर्द से परेशान था। कई बार इलाज कराने के बाद भी उसे आराम नहीं हुआ । ऐसे में उसने यू-ट्यूब से पेट के ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाले जरूरी सामानों की जानकारी ली और मेडिकल स्टोर से सर्जिकल ब्लेड, बेहोशी का इंजेक्शन, टांके लगाने की सुई सहित अन्य सामान खरीद लाया ।
जिसके बाद घर पर ही राजा ने इंजेक्शन लगाकर खुद को सुन्न किया और फिर सर्जिकल ब्लेड से अपना पेट चीर दिया। पेट का ऑपरेशन करने के बाद उसने प्लास्टिक के धागे से 11 टांके लगा लिए। एनेस्थिसिया का असर कम होने पर उसकी तकलीफ बढ़ गई और आनन-फानन में उसे परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने फर्स्ट एड देने के बाद राजा को आगरा एसएन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।



