न्यूज़ डेस्क(वायरल)/सर्वोदय न्यूज़:- हरियाणा के गुरुग्राम जिले से शुक्रवार को एक अजीबोगरीब और शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। जिले के मिनी सचिवालय स्थित तहसील कार्यालय में तहसीलदार की कुर्सी पर एक कुत्ते के बैठे होने का वीडियो वायरल हो गया है। यह वीडियो आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता मनीष मित्तल ने खुद बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि कुत्ता बिना किसी रोक-टोक के सरकारी दफ्तर की मेज पर बैठे हुए है। साथ ही चारों ओर गंदगी और अव्यवस्था भी नजर आ रही है। मनीष मित्तल ने इसे लेकर नगर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
फेसबुक लाइव में क्या कहा AAP नेता ने?
मनीष मित्तल ने शुक्रवार सुबह अपने फेसबुक अकाउंट से 47 सेकंड का लाइव वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा: “गुरुग्राम में तहसीलदार की सीट पर डॉग बाबू मिला, चारों तरफ गंदगी के ढेर मिले। जागो गुरुग्राम!”
वीडियो में मनीष मित्तल कहते हैं कि वह मिनी सचिवालय का दौरा कर रहे थे और यहां के कामकाज की स्थिति का जायजा ले रहे थे। तभी तहसीलदार की सीट पर कुत्ता बैठा मिला, जिसे देखकर वह हैरान रह गए।
वीडियो के सामने आने के बाद गुरुग्राम जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकारी कार्यालयों में सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की हालत को लेकर आम जनता और सोशल मीडिया यूज़र्स में नाराज़गी देखी जा रही है।



