न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार विधानसभा चुनाव के बीच तेज प्रताप यादव को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उन्हें Y-Plus कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान करने का आदेश जारी किया है। अब सीआरपीएफ (CRPF) की टीम उनकी सुरक्षा संभालेगी।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में सुरक्षा एजेंसियों ने तेज प्रताप यादव की सुरक्षा को लेकर एक रिपोर्ट गृह मंत्रालय को सौंपी थी। इसके बाद मंत्रालय ने यह निर्णय लिया। तेज प्रताप ने पहले कहा था कि “बिहार में हालात ऐसे हैं कि कब, कहां हमला हो जाए, कहा नहीं जा सकता” — उन्होंने केंद्र सरकार से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी।
यह भी पढ़े:- बिहार चुनाव 2025: RJD ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की, CCTV बंद
लालू प्रसाद यादव द्वारा पार्टी और परिवार से बेदखल किए जाने के बाद तेज प्रताप ने अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) बनाई है। वे इस बार महुआ विधानसभा सीट से उम्मीदवार हैं।
कैसी होती है Y-Plus कैटेगरी सुरक्षा
Y-Plus श्रेणी की सुरक्षा में 11 कमांडो तैनात किए जाते हैं। इनमें से 5 स्टैटिक गार्ड वीआईपी के आवास पर सुरक्षा देते हैं, जबकि 6 पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) तीन शिफ्ट में सुरक्षा का जिम्मा संभालते हैं। यह सुरक्षा सीआरपीएफ के प्रशिक्षित जवानों द्वारा दी जाती है।
जेजेडी पर बोले तेज प्रताप
जनशक्ति जनता दल (JJD) के संस्थापक तेज प्रताप यादव ने कहा कि उनकी पार्टी बिहार में 44 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और “चुनाव के बाद एक बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरेगी।”
महुआ सीट को लेकर उन्होंने कहा — “जनता ने मुझे हमेशा आशीर्वाद दिया है, और इस बार भी देगी क्योंकि मैंने उनके लिए काम किया है।”
भाजपा नेताओं की ओर से तारीफ किए जाने पर तेज प्रताप ने कहा कि “अच्छे काम की सराहना और गलत काम की आलोचना — यही राजनीति का सही रास्ता है।”



