सर्वोदय/लखनऊ:- राजधानी लखनऊ में आयोजित ‘लंतरानी हास्य उत्सव’ के मंच पर एक रोचक नज़ारा देखने को मिला, जिसने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी। सोशल मीडिया पर इस घटना की खूब चर्चा हो रही है।
दरअसल, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता दीपक रंजन ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को प्रतीकात्मक रूप से नीला ड्रम भेंट किया। इस दौरान मंच पर कई वरिष्ठ नेता और कवि भी मौजूद रहे।
क्यों हुआ ‘नीला ड्रम’ विवादों में?
हाल ही में मेरठ में हुए सौरभ राजपूत हत्याकांड के बाद से नीले ड्रम की चर्चा जोरों पर है। इस हत्याकांड में सौरभ की पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर उसे मौत के घाट उतार दिया था। शव के टुकड़ों को नीले प्लास्टिक ड्रम में भरकर सीमेंट डाल दिया गया था, जिससे शव को छुपाया जा सके।
ऐसे में जब सपा नेता ने इसी रंग का ड्रम भाजपा नेता व उत्तर ब्रजेश उपमुख्यमंत्री पाठक को सौंपा, तो राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई। यह घटना कई तरह की अटकलों को जन्म दे रही है, क्योंकि नीले ड्रम को अब मेरठ कांड से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, दीपक रंजन ने इसे महज हास्य-व्यंग्य के रूप में दिया गया एक प्रतीकात्मक उपहार बताया है।
ब्रजेश पाठक की प्रतिक्रिया
इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा—
“लखनऊ में आयोजित 7वें लंतरानी हास्य उत्सव में पत्नी संग शामिल होकर प्रसिद्ध कवियों की मनोरंजक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। इस मौके पर कई सम्मानित गणमान्यजन उपस्थित रहे।” हालांकि, इस पूरे वाकये को लेकर राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।



