स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही वनडे सीरीज में भारत की पहली हार के बाद पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। पोंटिंग के अनुसार यह सीरीज इस बात का संकेत दे सकती है कि क्या यह दिग्गज जोड़ी 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक टीम इंडिया का हिस्सा बनी रह सकती है या नहीं।
पोंटिंग ने ‘आईसीसी रिव्यू’ में पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री से बातचीत में कहा कि रोहित और कोहली जैसे खिलाड़ी सिर्फ दीर्घकालिक लक्ष्यों की बजाय अल्पकालिक लक्ष्य निर्धारित करें, क्योंकि क्रिकेट में कोई भी स्थिति हमेशा स्थायी नहीं होती।“मुझे नहीं पसंद कि कोई कहे ‘मैंने सब कुछ हासिल कर लिया है’। खिलाड़ियों को हमेशा छोटे-छोटे लक्ष्य तय करते रहने चाहिए। 2027 वर्ल्ड कप अभी दूर है, लेकिन फिलहाल का प्रदर्शन यह तय करेगा कि वे वहां तक खेल सकेंगे या नहीं,” — रिकी पोंटिंग
यह भी पढ़े:- पत्नी के खाते से ठगी, कार्रवाई न होने पर युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ा
पहले वनडे में पर्थ की उछाल भरी पिच पर दोनों दिग्गज बल्लेबाज़ ज्यादा देर टिक नहीं सके। भारत को इस मैच में सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा। अब सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 अक्टूबर को एडिलेड में खेला जाएगा, जहां की परिस्थितियां भारतीय बल्लेबाज़ों के लिए अपेक्षाकृत अनुकूल होंगी।
शास्त्री ने भी दिया समर्थन
रवि शास्त्री ने माना कि रोहित और कोहली को समय दिया जाना चाहिए क्योंकि दोनों खिलाड़ी आईपीएल के बाद किसी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में नहीं खेले थे। उन्होंने कहा कि जब कोई खिलाड़ी लंबे ब्रेक के बाद लौटता है, तो उसे लय में आने के लिए वक्त चाहिए होता है। “पर्थ की पिच और ऑस्ट्रेलिया की परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होती हैं। केवल दो दिन पहले पहुंचकर वहां खेलने की कोशिश करना आसान नहीं होता। इन खिलाड़ियों के पास अनुभव और क्षमता दोनों हैं — इन्हें कुछ समय और देना चाहिए,” — रवि शास्त्री
पोंटिंग का मानना है कि विराट कोहली जैसे प्रेरणादायक खिलाड़ी इस सीरीज में प्रदर्शन करने के लिए पूरी तैयारी के साथ उतरे होंगे और उनका ध्यान अभी अगले वर्ल्ड कप पर नहीं, बल्कि मौजूदा चुनौती पर केंद्रित है।



