लखनऊ/सर्वोदय :-दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर दिए गए विवादित बयान पर माफी मांग ली है। उन्होंने कहा कि उनके बयान से किसी को ठेस पहुंची हो तो वह खेद प्रकट करती हैं। इस माफीनामे के बाद अखिलेश यादव ने भी उदारता दिखाते हुए उन्हें क्षमा कर दिया है।
कुछ दिन पहले एक टीवी चैनल को दिए गए इंटरव्यू में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव को “टोटी चोर” कह दिया था। इस बयान को लेकर समाजवादी पार्टी में जबरदस्त नाराजगी देखी गई। आपको बतादें कि देशभर में सपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह प्रदर्शन किए। सपा कार्यकर्ताओं ने रेखा गुप्ता से सार्वजनिक माफी की मांग की थी । सपा के एक नेता ने सुप्रीम कोर्ट में मानहानि की याचिका भी दाखिल की। खुद अखिलेश यादव ने उस चैनल के बहिष्कार की घोषणा कर दी थी।
रेखा गुप्ता ने मांगी माफी, कहा – “मुझसे भी गलतियां हो सकती हैं”
विवाद गहराने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक बयान जारी करते हुए कहा: “आप हर वक्त सही नहीं हो सकते। मुझसे भी गलती हो सकती है। मेरे बयान से यदि किसी बड़े नेता को ठेस पहुंची है, तो मैं दिल से माफी मांगती हूं।” उनका यह कदम राजनीतिक रूप से एक परिपक्व और सकारात्मक संदेश देने वाला माना जा रहा है।
अखिलेश यादव का जवाब – “क्षमा कर देना, उससे भी बड़ी बात”
रेखा गुप्ता की माफी के बाद अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा: “‘क्षमा माँगना’ सभ्यता की एक बड़ी उपलब्धि है और ‘क्षमा कर देना’ उससे भी बड़ी।” इस पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव के व्यक्तित्व और परिपक्वता की सराहना की जा रही है।
राजनीति में संवाद और शालीनता की मिसाल है।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह दिखाया है कि राजनीति में भले मतभेद हों, लेकिन संवाद, शालीनता और माफी की संस्कृति हमेशा बड़ा असर डालती है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, दोनों नेताओं का यह रुख आने वाले समय में लोकतांत्रिक संवाद को मजबूती देगा।



