न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- विख्यात संत प्रेमानंद जी महाराज के स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही तमाम अफवाहों पर अब विराम लग गया है। शुक्रवार को उन्होंने वृंदावन स्थित अपने आश्रम ‘राधा केली कुंज’ से बाहर निकलकर लगभग 200 मीटर की पदयात्रा की और अपने भक्तों को दर्शन दिए।
महाराज जी के करीबी सहयोगी नवल नगरी बाबा ने पुष्टि की है कि प्रेमानंद जी पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपने आश्रम में विश्राम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया पर यह झूठ फैला रहे थे कि महाराज जी का स्वास्थ्य खराब है या वे ब्रह्मलीन हो गए हैं।
महाराज जी ने खुद बताई सच्चाई
नवल नगरी बाबा के अनुसार, प्रेमानंद जी ने एकांत वार्ता में स्वयं कहा कि कुछ लोग भ्रामक बातें फैला रहे हैं और उनके स्वास्थ्य को लेकर झूठी खबरें चला रहे हैं। इसीलिए उन्होंने भक्तों को सशरीर दर्शन देकर इन अफवाहों का खंडन किया।
यह भी पढ़े:- धनतेरस 2025: कल है धनतेरस, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त, विधि, मंत्र, आरती…
मक्का-मदीना में प्रार्थना वाले वीडियो पर भी प्रतिक्रिया
हाल ही में एक वायरल वीडियो में एक मुस्लिम युवक को मक्का-मदीना में प्रेमानंद जी के लिए प्रार्थना करते देखा गया था। इस पर भक्तों ने कहा कि “महाराज जी का दरबार सबके लिए खुला है”। प्रेम, करुणा और समर्पण का संदेश देने वाले प्रेमानंद जी जाति, धर्म और समुदाय से ऊपर उठकर सभी को समान दृष्टि से देखते हैं।
अब छोटी कर रहे हैं पदयात्राएं
भक्तों ने बताया कि महाराज जी अब अपनी पदयात्राएं लंबी नहीं रखते, लेकिन नियमित रूप से बाहर निकलते हैं और छोटी दूरी तक पदयात्रा करते हैं ताकि दर्शन देने का क्रम बना रहे। शुक्रवार को भी वे कुछ समय के लिए आश्रम से बाहर निकले और पदयात्रा के बाद वाहन से वापस लौट आए।



