न्यूज़ डेक्स/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से सामने आई एक घटना ने रिश्तों, सामाजिक मूल्यों और पारिवारिक ढांचे को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। यहां एक व्यक्ति ने पारिवारिक तनाव और पत्नी की जिद से परेशान होकर स्वयं अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करा दी। यह पूरा घटनाक्रम गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं बच्चों का फैसला सबसे भावुक पहलू बनकर सामने आया है।
यह मामला आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के रमगढ़ा गांव का है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी आशीष तिवारी ने कुछ दिन पहले अपनी पत्नी पिंकी को उसके कथित प्रेमी अमित शर्मा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रेमी को थाने ले जाया गया। इसके बाद गांव और थाने परिसर में पंचायत बुलाई गई।
पंचायत में पत्नी ने पति के साथ रहने से किया इनकार
पंचायत के दौरान पिंकी ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती और प्रेमी अमित शर्मा के साथ ही जीवन बिताना चाहती है। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही। लगातार बढ़ते विवाद और पारिवारिक तनाव के बीच पति ने स्थिति को शांत करने के लिए बड़ा कदम उठाया।
मंदिर में कराई गई शादी
आखिरकार आशीष तिवारी ने स्वयं मंदिर में पत्नी और उसके प्रेमी की शादी की व्यवस्था करवाई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में देखा जा सकता है कि पति की मौजूदगी में प्रेमी ने महिला की मांग भरकर विवाह की रस्म पूरी की। इस दौरान पति के चेहरे पर बेबसी और टूटते परिवार का दर्द साफ नजर आ रहा था।
बच्चों का भावुक फैसला
आशीष और पिंकी की शादी वर्ष 2016 में हुई थी और उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा सात साल का है, जबकि छोटा चार साल का। घटना का सबसे संवेदनशील मोड़ तब आया, जब बच्चों से पूछा गया कि वे किसके साथ रहना चाहते हैं।
यह भी पढ़े:- ‘शंकराचार्य’ पद को लेकर अविमुक्तेश्वरानंद को नोटिस, 24 घंटे में जवाब तलब
आपको बतादें कि मां ने उन्हें अपने साथ ले जाने की इच्छा जताई, लेकिन दोनों बच्चों ने पिता के साथ रहने का फैसला किया। बच्चों ने मां के साथ जाने से इनकार कर दिया, जिससे वहां मौजूद लोग भावुक हो गए।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़
घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है। कुछ लोग पति के फैसले को उसकी मजबूरी और मानसिक शांति से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि अन्य इसे पारिवारिक मूल्यों के पतन के रूप में आंक रहे हैं। फिलहाल महिला अपने प्रेमी के साथ चली गई है, जबकि पति अपने दोनों बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी निभाने में जुटा है।



