Sunday, May 10, 2026

Buy now

spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

प्रतापगढ़ जिला जेल में HIV संक्रमण से हड़कंप, 13 में से 7 बंदियों की रिपोर्ट पॉजिटिव, एक पुरुष पाया गया

न्यूज़ डेस्क/सवोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिला जेल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हाल ही में जेल भेजे गए 13 किन्नरों में से सात की प्रारंभिक जांच में एचआईवी संक्रमण की पुष्टि हुई। सभी संदिग्ध मामलों के ब्लड सैंपल को अंतिम जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। एहतियातन एचआईवी पॉजिटिव पाए गए बंदियों को अन्य कैदियों से अलग रखा गया है।

यह पूरा मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के अचलपुर का है, जहां रविवार को किन्नरों के दो गुटों—मिस्बा और अंजलि—के बीच मारपीट को लेकर दिनभर तनाव का माहौल रहा। शाम को विवाद दोबारा बढ़ने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और कुल 13 लोगों को जेल भेज दिया।

जेल पहुंचने के बाद दोनों गुटों के बीच फिर टकराव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने उन्हें अलग-अलग रखने की तैयारी की। इसी दौरान यह स्पष्ट करने के लिए कि सभी आरोपी वास्तव में किन्नर हैं या नहीं, मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच में एक व्यक्ति पुरुष पाया गया। इसके बाद सभी की स्वास्थ्य जांच कराई गई, जिसमें सात किन्नरों की एचआईवी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर सभी के सैंपल आगे की पुष्टि के लिए भेजे गए हैं।

जांच में पुरुष पाए जाने पर उठा सवाल

मेडिकल परीक्षण के दौरान एक आरोपी के पुरुष पाए जाने के बाद जेल में उससे पूछताछ भी की गई। सूत्रों के अनुसार, संबंधित व्यक्ति का कहना है कि वह लंबे समय से किन्नरों के साथ रह रहा है और उसे किसी प्रकार की अलग पहचान या शारीरिक अनुभूति नहीं होती।

पेशे को लेकर छिड़ी बहस

घटना के बाद यह मुद्दा भी चर्चा में है कि किन्नरों के पारंपरिक पेशे की आड़ में कुछ पुरुष भी इस समूह में शामिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शुभ कार्यों में बधाई लेने और दुकानों से रुपये वसूलने जैसे कामों में अब पुरुष भी भेष बदलकर शामिल हो रहे हैं, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया है।

संपर्क में आए लोगों को सतर्क रहने की सलाह

एचआईवी संक्रमण के मामलों के सामने आने के बाद जेल प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जेल में बंद आरोपियों से मिलने आने वाले लोगों को सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर जांच कराने की सलाह दी गई है। साथ ही, पहले इनके संपर्क में रहे लोगों से भी स्वास्थ्य परीक्षण कराने का आग्रह किया गया है।

जेल अधीक्षक ऋषभ द्विवेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सात बंदियों की रिपोर्ट एचआईवी पॉजिटिव आई है, जिसके बाद सभी के ब्लड सैंपल आगे की जांच के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर सभी को अलग रखा गया है और संक्रमण की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

1,388FansLike
133FollowersFollow
621SubscribersSubscribe
- Advertisement -[cricket_score]

Latest Articles