नई दिल्ली/सर्वोदय न्यूज़:- भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित ट्रेड डील को लेकर दोनों देशों के शीर्ष नेताओं की ओर से सकारात्मक संकेत मिले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान का जवाब देते हुए कहा कि उन्हें भी इस व्यापारिक समझौते को लेकर चर्चा का इंतजार है।
पीएम मोदी ने दोहराया कि भारत और अमेरिका “घनिष्ठ मित्र और प्राकृतिक साझेदार” हैं, और व्यापारिक बातचीत दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
PM मोदी का बयान:
“भारत और अमेरिका घनिष्ठ मित्र और प्राकृतिक साझेदार हैं। मुझे विश्वास है कि हमारी व्यापारिक वार्ताएं भारत-अमेरिका साझेदारी की असीम संभावनाओं को अनलॉक करने का मार्ग प्रशस्त करेंगी। हमारी टीमें इन चर्चाओं को जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए कार्यरत हैं। मैं भी राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत करने का इंतजार कर रहा हूं।”
India and the US are close friends and natural partners. I am confident that our trade negotiations will pave the way for unlocking the limitless potential of the India-US partnership. Our teams are working to conclude these discussions at the earliest. I am also looking forward… pic.twitter.com/3K9hlJxWcl
— Narendra Modi (@narendramodi) September 10, 2025

ट्रंप का जवाबी रुख:
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा: “मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार बाधाओं को लेकर वार्ता जारी है। मैं आने वाले हफ्तों में अपने बहुत अच्छे दोस्त प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत करने का इंतजार कर रहा हूं।”
यह बयान ऐसे समय आया है जब ट्रंप, जो पहले भारत पर टैरिफ को लेकर सख्त रुख अपना चुके हैं, अब प्रधानमंत्री मोदी को “महान नेता” कहकर संबोधित कर रहे हैं।
ट्रेड डील में कहां है गतिरोध?
- अमेरिका की मांग है कि भारत अपने कृषि और डेयरी बाजार को अमेरिकी उत्पादों के लिए खोले।
- भारत इस मांग को घरेलू किसानों के हितों के मद्देनज़र स्वीकार करने को तैयार नहीं है।
- टैरिफ विवाद के चलते अगस्त में प्रस्तावित छठा वार्ता दौर स्थगित कर दिया गया था।
भारत-अमेरिका व्यापार आंकड़े (FY 2024-25):
- कुल द्विपक्षीय व्यापार: $131.8 अरब
- भारत का निर्यात: $86.5 अरब
- भारत का आयात: $45.3 अरब
- अमेरिका: भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार



