नई दिल्ली/सर्वोदय न्यूज़: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook और उसकी पेरेंट कंपनी Meta एक नए विवाद में घिर गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो भारत में ही कुछ समय के लिए ब्लॉक दिखाई देने लगा, जिससे सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। विवाद बढ़ने और राजनीतिक विरोध के बाद Meta ने सफाई देते हुए कहा कि वीडियो तकनीकी गलती से हट गया था और अब उसे दोबारा बहाल कर दिया गया है।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में युवाओं को संबोधित करते हुए Facebook और Instagram पर एक सेल्फी वीडियो साझा किया था। वीडियो में उन्होंने संकेत दिया था कि पेपर लीक के खिलाफ कैबिनेट बैठक में और सख्त फैसले लिए जाएंगे।
हालांकि, कुछ दिनों बाद भारत में कई यूजर्स को यह वीडियो देखने की कोशिश करने पर संदेश मिला कि “कानूनी अनुरोध के कारण यह कंटेंट आपके क्षेत्र में उपलब्ध नहीं है।” इससे सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि आखिर वीडियो किस आधार पर प्रतिबंधित किया गया।
बीजेपी ने उठाए सवाल
बीजेपी की आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख प्रीति गांधी ने Meta पर निशाना साधते हुए कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री का वीडियो भारत में ब्लॉक होना गंभीर मामला है। उन्होंने कंपनी से पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए स्पष्टीकरण मांगा।
What the hell, @Meta??!
The Prime Minister of the world’s largest democracy uploads his first direct selfie video to connect with India’s youth… and Facebook restricts it???
Who gave Meta the authority to decide what millions of Indians should or should not see???
This… pic.twitter.com/jrGJFYhqDI
— Priti Gandhi (@MrsGandhi) July 27, 2026
Meta ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद Meta ने वीडियो को दोबारा उपलब्ध करा दिया। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि कंटेंट अनजाने में हट गया था और अब उसे प्लेटफॉर्म पर रिस्टोर कर दिया गया है।
सरकार ने मांगा जवाब
मामले को गंभीर मानते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने Meta के ग्लोबल पब्लिक पॉलिसी प्रमुख को तलब कर इस घटना पर स्पष्टीकरण मांगा है। सरकार यह जानना चाहती है कि वीडियो हटने के पीछे वास्तविक कारण क्या था और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए कंपनी क्या कदम उठाएगी।



