न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़ (बिहार):- भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने राजनीति में कदम रखते हुए बिहार विधानसभा चुनाव में काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया है। उनके चुनावी मैदान में उतरते ही भोजपुरी इंडस्ट्री से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई चुनावी यात्रा
कुछ दिनों पहले ज्योति सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर अपने फॉलोअर्स से पूछा था कि क्या उन्हें चुनाव लड़ना चाहिए। उन्होंने लिखा था: “कराकाट के देवतुल्य जनता, मैं असमंजस में हूं। फोन के माध्यम से जानकारी ली तो 50% लोग समर्थन में हैं और 50% विरोध में। अब मैं फैसला आप लोगों पर छोड़ती हूं।”
View this post on Instagram
इस पोस्ट के बाद ज्योति ने अपने नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतर गईं।
पवन सिंह से विवादों के बीच लिया बड़ा फैसला
ज्योति सिंह की निजी जिंदगी भी इस समय चर्चा का विषय बनी हुई है। वह लंबे समय से पवन सिंह के साथ वैवाहिक विवादों को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर रो-रोकर उन्होंने पवन सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। वहीं, पवन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए दावा किया था कि ज्योति चुनाव लड़ने की मंशा से उन पर आरोप लगा रही हैं।
यह भी पढ़े:– रिकी पोंटिंग का दावा: ऑस्ट्रेलिया सीरीज से तय होगा रोहित-विराट खेलेंगे 2027…
पवन सिंह ने यह भी कहा था कि ज्योति और उनके परिवार की तरफ से राजनीति में उतारने का दबाव डाला जा रहा था, जो उनके लिए संभव नहीं था। उन्होंने यह तक कह दिया था कि “विधायक बनने के लिए इतनी गिरावट की उम्मीद नहीं थी।”
तलाक केस और एलिमनी की मांग
मालूम हो कि दोनों के बीच तलाक का केस कोर्ट में चल रहा है। हाल ही में यह खबर भी सामने आई थी कि ज्योति सिंह ने पवन सिंह से तलाक के एवज में 30 करोड़ रुपये एलिमनी की मांग की है। हालांकि इस मामले में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वर्तमान में ज्योति सिंह के नामांकन को लेकर पवन सिंह की ओर से कोई नई प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन यह तय है कि आने वाले समय में इस राजनीतिक और व्यक्तिगत टकराव पर और चर्चा होगी।



