स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने यूएई के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में उतरते ही क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। इस मैच के साथ ही स्टर्लिंग T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, उन्होंने इस मामले में रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया।
यह पॉल स्टर्लिंग के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 160वां मुकाबला था। वहीं, 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद टी20I क्रिकेट से संन्यास ले चुके रोहित शर्मा ने अपने करियर में कुल 159 मैच खेले थे।
T20I क्रिकेट में 150+ मैच खेलने वाले सिर्फ 3 खिलाड़ी
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में अब तक केवल तीन खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने 150 से अधिक मैच खेले हैं। खास बात यह है कि इनमें से दो खिलाड़ी आयरलैंड से हैं।
यह भी पढ़े:– पी टी उषा के पति वी श्रीनिवासन का निधन, पीएम मोदी ने फोन कर जताया शोक
रोहित शर्मा और पॉल स्टर्लिंग के अलावा जॉर्ज डॉकरेल तीसरे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने आयरलैंड के लिए 153 T20I मैच खेले हैं। इसके अलावा अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी और इंग्लैंड के जोस बटलर भी इस सूची में टॉप-5 में शामिल हैं।
T20I में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी
- पॉल स्टर्लिंग – 160
- रोहित शर्मा – 159
- जॉर्ज डॉकरेल – 153
- मोहम्मद नबी – 148
- जोस बटलर – 144
ऐतिहासिक मैच में नहीं चला स्टर्लिंग का बल्ला
हालांकि यह ऐतिहासिक मुकाबला पॉल स्टर्लिंग के लिए व्यक्तिगत रूप से खास नहीं रहा। यूएई के खिलाफ वह 3 गेंदों पर 8 रन बनाकर आउट हो गए। अपनी छोटी सी पारी में उन्होंने 2 चौके जरूर लगाए।
आयरलैंड ने यूएई को 57 रन से हराया
इसके बावजूद आयरलैंड ने इस मैच में शानदार प्रदर्शन किया और 57 रनों से बड़ी जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 178 रन बनाए। दिलचस्प बात यह रही कि टीम का कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा सका।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम 19.5 ओवर में 121 रन पर ऑलआउट हो गई और मुकाबला आयरलैंड के नाम रहा।



