न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के नवनिर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के दौरे के दौरान पार्टी के भीतर गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। मुरादाबाद में हाईवे पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ और प्रभावशाली नेता नजर नहीं आए। खास बात यह रही कि स्वागत को लेकर कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह की ओर से अखबारों में बड़े-बड़े विज्ञापन भी प्रकाशित कराए गए थे, इसके बावजूद कई नेता कार्यक्रम से दूरी बनाए रहे।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी पहली बार मुरादाबाद की सीमा से होकर गुजर रहे थे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की मौजूदगी को लेकर जब गैरहाजिर नेताओं से संपर्क करने की कोशिश की गई तो सभी ने अलग-अलग कारण बताए। हालांकि, नेताओं की अनुपस्थिति को लेकर पार्टी के अंदरखाने चर्चा तेज हो गई है।
चुनावी तैयारियों के बीच दिखी अंदरूनी खींचतान
गौरतलब है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए सभी राजनीतिक दल सक्रिय हो चुके हैं। बैठकों में बार-बार नेताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने की नसीहत दी जा रही है, लेकिन पंकज चौधरी के स्वागत कार्यक्रम में ही भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी साफ दिखाई दी। महानगर अध्यक्ष सहित कई शीर्ष नेताओं ने कार्यक्रम में शिरकत नहीं की।
फोन भी नहीं उठाए गए
हैरानी की बात यह रही कि शहर में मौजूद रहने के बावजूद कई नेता मूंढापांडे तक नहीं पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ही सक्रिय नजर आए। कई नेताओं के मोबाइल फोन पर कॉल जाती रही, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। नेताओं की गैरमौजूदगी पार्टी गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साहपूर्ण स्वागत से वह अभिभूत हैं। कड़ाके की ठंड में बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं को देखकर उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 में फिर से भारी बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी।
यह भी पढ़े:- “भाजपा को वोट देने वाले अपनी बहन-बेटियों को…” अखिलेश यादव का तीखा हमला, सोशल
कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने कहा कि पूरे जिले में सबसे पहले कुंदरकी विधानसभा को प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत का अवसर मिला, जो उनके लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम में पूर्व प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी, पूर्व सांसद वीर सिंह, मूंढापांडे ब्लॉक प्रमुख डॉ. नवदीप यादव, जय सिंह, रोहित सिंह और मेयर विनोद अग्रवाल समेत कई नेता मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष ने दी सफाई
भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल ने सफाई देते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का यह कार्यक्रम निजी था। इसके बावजूद वह स्वागत कार्यक्रम में मूंढापांडे पहुंचे थे, लेकिन कार्यक्रम देर से होने के कारण उन्हें एक पार्टी नेता के पिता की शोकसभा में जाना पड़ा।
वहीं, कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष को केवल मुख्य मार्ग पर रुकना था और कुंदरकी क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग स्वागत के लिए पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि संगठन के सभी लोगों को सूचना दी गई थी, जो नहीं आए, उसका कारण वही बता सकते हैं।



