न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने सपा नेता आजम खान और कानपुर के विधायक इरफान सोलंकी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों नेता अभी दोषमुक्त नहीं हुए हैं, बल्कि केवल जमानत पर रिहा हुए हैं।
भूपेंद्र चौधरी मुरादाबाद में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, जहां वे महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
“न्यायपालिका पर हमें पूरा विश्वास है”
पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब उनसे आजम खान और इरफान सोलंकी की रिहाई पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा:“दोनों नेता दोषमुक्त नहीं हुए हैं। वे फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। देश की न्यायपालिका पर हम सभी को भरोसा है। जो भी निर्णय आएगा, वह न्याय संगत होगा।”
गांधी-शास्त्री जयंती पर दी श्रद्धांजलि
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
यह भी पढ़े:- यूपी में कथा वाचिका के बिगड़े बोल- हर गांव के बाहर…
उन्होंने कहा:”देश महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को कभी भुला नहीं सकता। स्वच्छता और विकास की दिशा में जो कार्य हो रहे हैं, वही बापू के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि हैं।”
बरेली हिंसा पर सख्त रुख, उदित राज पर तीखा हमला
बरेली में हाल ही में हुई हिंसा पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि:“अराजकता फैलाने वालों के लिए न देश में जगह है, न प्रदेश में। सरकार ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।”
वहीं कांग्रेस नेता उदित राज द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर की गई विवादास्पद टिप्पणी पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा: “उदित राज जैसे लोग विक्षिप्त मानसिकता के हैं। संघ ने समाज, व्यक्ति और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।”



