न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- महाराष्ट्र के नागपुर जिले के काटोल क्षेत्र के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। राउलगांव स्थित विस्फोटक निर्माण कंपनी एसबीएल एनर्जी लिमिटेड में हुए जोरदार धमाके में कम से कम 17 कर्मचारियों की जान चली गई, जबकि 18 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कंपनी खनन और औद्योगिक उपयोग के लिए डेटोनेटर तथा अन्य विस्फोटक सामग्री तैयार करती है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच हुआ, जब सुबह की पाली के कर्मचारी काम पर मौजूद थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक डेटोनेटर निर्माण की प्रक्रिया के दौरान अचानक तेज धमाका हुआ, जिससे फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने मृतकों और घायलों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट से फैक्ट्री के जिस हिस्से में घटना हुई, वहां की छत और दीवारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। आसमान में उठता धुएं का गुबार दूर से देखा गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय संबंधित यूनिट में 25 से 30 कर्मचारी मौजूद थे। आशंका है कि कुछ लोग अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल की टीमें और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। आग पर काबू पाने और मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
फिलहाल विस्फोट के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह जांच की जा रही है कि कहीं सुरक्षा नियमों में लापरवाही तो नहीं बरती गई या फिर यह किसी तकनीकी खामी का नतीजा है।



