न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच टेलीफोन पर अहम बातचीत हुई। रिपोर्ट्स के अनुसार, नेतन्याहू ने देर शाम पीएम मोदी से संपर्क किया, जिसके बाद दोनों नेताओं ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, बातचीत के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत-इज़राइल रणनीतिक साझेदारी में हो रही निरंतर प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही, दोनों देशों ने विकास और सहयोग को नई दिशा देने के लिए अपने रिश्तों को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
यह भी पढ़े:- अनिरुद्धाचार्य की मुश्किलें बढ़ीं, महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी मामले में कोर्ट ने परिवाद स्वीकार किया
फोन वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी और नेतन्याहू ने सभी तरह के आतंकवाद की सख्त निंदा की और इसके खिलाफ अपनी ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति को पुनः स्पष्ट किया। इसके अलावा, दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर भी अपने विचार साझा किए।
पीएम मोदी ने क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित करने के प्रयासों के प्रति भारत के समर्थन को दोहराया, जिसमें ‘गाज़ा पीस प्लान’ को जल्द लागू करने की आवश्यकता पर जोर भी शामिल था। बातचीत के अंत में दोनों नेता भारत-इज़राइल संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के लिए लगातार संवाद बनाए रखने पर सहमत हुए।



