न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एकतरफा प्रेम की सनक ने एक छात्र को हिंसक बना दिया। कक्षा 12 में पढ़ने वाले एक छात्र ने अपनी ही शिक्षिका पर सरेराह जानलेवा हमला कर दिया, जिससे शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि आरोपी छात्र फरार है।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, शिक्षिका पहले आगरा रोड स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ाती थीं। उसी स्कूल में पढ़ने वाला एक छात्र लगातार उन्हें परेशान करता था और अनुचित व्यवहार करता था। शिक्षिका द्वारा शिकायत किए जाने पर छात्र के परिजनों को अवगत कराया गया था, जिसके बाद कुछ समय तक स्थिति सामान्य रही।
शिकायतों के बावजूद नहीं बदला व्यवहार
शिक्षिका ने पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) के दौरान छात्र की मां से उसकी हरकतों की शिकायत की थी। परिवार की ओर से सुधार का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन छात्र के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। लगातार परेशान किए जाने से तंग आकर शिक्षिका ने वह स्कूल छोड़ दिया और शहर के दूसरे इलाके में स्थित एक अन्य स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया।
स्कूल बदलने के बाद भी पीछा
इसके बावजूद आरोपी छात्र ने शिक्षिका का पीछा नहीं छोड़ा। वह नए स्कूल के रास्ते में भी उन्हें रोककर परेशान करने लगा और दबाव बनाता रहा।
रास्ते में रोककर किया हमला
20 जनवरी को जब शिक्षिका एक छात्र को ट्यूशन पढ़ाने जा रही थीं, तभी आरोपी ने पहले से घात लगाकर उन्हें रास्ते में रोक लिया। विरोध करने पर छात्र ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
यह भी पढ़े:- यूपी में बीजेपी 10 फरवरी तक चलाएगी ‘बजट उपलब्धि अभियान’, मंत्री और विधायक
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल शिक्षिका को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें आगरा के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और स्थिति गंभीर बनी हुई है।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश जारी
शिक्षिका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी फतह बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



