नाम खूब चला, लेकिन मंत्री सूची में नहीं मिली जगह; मैथिली ठाकुर से कोमल सिंह तक कई चेहरे रह गए बाहर

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार की सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में जहां कई नए चेहरों को मौका मिला, वहीं कुछ ऐसे नाम भी रहे जिनकी चर्चा लंबे समय से मंत्री बनने को लेकर हो रही थी, लेकिन अंतिम सूची में उन्हें जगह नहीं मिल सकी। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कुल 32 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली, जिनमें 13 नए चेहरे शामिल रहे।

कैबिनेट विस्तार से पहले बीजेपी और जेडीयू दोनों दलों में कई संभावित नामों को लेकर सियासी चर्चाएं तेज थीं। खासतौर पर बीजेपी की ओर से लोकप्रिय लोकगायिका और पहली बार विधायक बनीं मैथिली ठाकुर का नाम काफी चर्चा में था। दरभंगा जिले के अलीनगर सीट से विधायक बनी मैथिली ठाकुर को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें महिला और युवा चेहरे के तौर पर मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। हालांकि अंतिम सूची में उनका नाम शामिल नहीं हुआ।

बीजेपी खेमे से नीरज सिंह बबलू, जीवेश मिश्रा, अरवल विधायक मनोज शर्मा और तेघड़ा विधायक रजनीश सिंह के नाम भी मंत्री पद की दौड़ में बताए जा रहे थे। इसके अलावा महादलित समाज से कृष्ण कुमार ऋषि और संगीता कुमारी के नामों पर भी चर्चा हुई, लेकिन इन्हें भी मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली।

जेडीयू में भी कई युवा चेहरे रह गए पीछे

जेडीयू की ओर से निशांत कुमार की एंट्री सबसे बड़ा सरप्राइज मानी जा रही है। डिप्टी सीएम पद का प्रस्ताव ठुकराने के बाद आखिरकार उन्होंने मंत्री पद स्वीकार कर लिया। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से चर्चा यह भी थी कि निशांत कुमार के करीबी युवा विधायकों की टीम से एक-दो नेताओं को मंत्री बनाया जा सकता है।

यह भी पढ़े: मंत्री बने निशांत कुमार, डिप्टी सीएम पद ठुकराने के बाद अब सम्राट सरकार में मिली बड़ी जिम्मेदारी

इन युवा चेहरों में रुहैल रंजन, अतिरेक कुमार, चेतन आनंद, कोमल सिंह, ऋतुराज कुमार और नचिकेता मंडल जैसे नाम शामिल थे। लेकिन अंततः इनमें से किसी को भी मौका नहीं मिला। जेडीयू ने अपने कोटे से ज्यादातर अनुभवी नेताओं पर भरोसा जताया और केवल निशांत कुमार, श्वेता गुप्ता और बुलो मंडल को पहली बार मंत्री बनाया।

बीजेपी कोटे से इन नेताओं ने ली शपथ

  • राम कृपाल यादव
  • केदार गुप्ता
  • नीतीश मिश्रा
  • मिथिलेश तिवारी
  • रमा निषाद
  • विजय कुमार सिन्हा
  • दिलीप जायसवाल
  • प्रमोद चंद्रवंशी
  • लखेन्द्र पासवान
  • संजय टाइगर
  • इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र
  • नंद किशोर राम
  • रामचंद्र प्रसाद
  • अरुण शंकर प्रसाद
  • श्रेयसी सिंह

जेडीयू कोटे से बने मंत्री

  • निशांत कुमार
  • श्रवण कुमार
  • अशोक चौधरी
  • लेसी सिंह
  • मदन सहनी
  • सुनील कुमार
  • जमा खान
  • भगवान सिंह कुशवाहा
  • शीला मंडल
  • दामोदर राउत
  • बुलो मंडल
  • रत्नेश सदा
  • श्वेता गुप्ता

सहयोगी दलों को भी मिला प्रतिनिधित्व

लोजपा (रामविलास) से संजय पासवान और संजय सिंह को मंत्री बनाया गया है। वहीं हम पार्टी से संतोष मांझी और आरएलएम से दीपक प्रकाश ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles