लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने बीते वर्ष रिकॉर्ड स्तर पर पासपोर्ट सेवाएं प्रदान की हैं। वर्ष 2025 के दौरान कार्यालय से कुल 8,03,880 पासपोर्ट और 62,491 पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC) जारी किए गए। यह आंकड़ा पासपोर्ट सेवाओं में बढ़ती दक्षता और डिजिटल सुधारों को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री योगी ने किया राजभाषा पत्रिका और कैलेंडर का विमोचन
पासपोर्ट सेवाओं में हुए इस उत्कृष्ट प्रदर्शन और नवाचारों को दर्शाने वाली राजभाषा पत्रिका ‘कायाकल्प’ के नवम अंक और वर्ष 2026 के कैलेंडर का विमोचन गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। यह कार्यक्रम कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित हुआ।
विमोचन के दौरान क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शुभम सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और पासपोर्ट सेवाओं के विस्तार, तकनीकी नवाचारों और नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
संविधान के 75 वर्षों पर केंद्रित है ‘कायाकल्प’ का विशेषांक
राजभाषा पत्रिका ‘कायाकल्प’ का नवम अंक भारतीय संविधान के 75 वर्ष विषय पर आधारित है। इस विशेषांक में संवैधानिक मूल्यों, प्रशासनिक उत्तरदायित्व और लोकतांत्रिक परंपराओं से जुड़े लेख शामिल किए गए हैं।
यह भी पढ़े:- प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा ने अवीवा बेग संग की सगाई, तस्वीरें कीं शेयर
पत्रिका में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विदेश राज्य मंत्री कीर्तवर्धन सिंह और पबित्र मार्घेरिटा के संदेश भी प्रकाशित किए गए हैं।
2026 कैलेंडर में दिखीं 2025 की प्रमुख उपलब्धियां
वर्ष 2026 के कैलेंडर की थीम ‘द माइलस्टोन्स’ रखी गई है, जिसमें वर्ष 2025 की प्रमुख उपलब्धियों को दर्शाया गया है। इनमें देश के 450वें डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन, पासपोर्ट वैन की शुरुआत, राजभाषा हिंदी में प्राप्त पुरस्कार और नागरिक-केंद्रित पहल प्रमुख रूप से शामिल हैं।
तकनीकी सुधारों से तेज हुआ निस्तारण
पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, बीते वर्ष तकनीकी सुधार, डिजिटल प्रक्रियाओं और सेवाओं के विकेंद्रीकरण से आवेदन निस्तारण की गति में उल्लेखनीय तेजी आई है। इसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिला है और पासपोर्ट व पुलिस सत्यापन जैसी सेवाएं पहले की तुलना में अधिक सरल और सुगम हुई हैं।



