न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार की राजधानी पटना के महुआबाग इलाके में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के लिए बन रही कथित आलीशान इमारत को लेकर राजनीति तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस निर्माणाधीन भवन का वीडियो जारी कर लालू परिवार पर लूट-खसोट से संपत्ति बढ़ाने का आरोप लगाया है और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से कार्रवाई की मांग की है।
BJP का आरोप – “लूट-खसोट का समाजवाद”
BJP ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि लालू यादव का समाजवाद “लूट-खसोट से संपन्न एक परिवार” तक सीमित है।
पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि महुआबाग में बन रही यह कोठी भी “नौकरी के बदले जमीन” मामले से जुड़ी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी संपत्तियों को ED जब्त कर सकता है।
नीरज कुमार ने कहा- “लालू यादव का सामाजिक न्याय अब परिवारवाद और संपत्ति जुटाने का साधन बन गया है। महुआबाग में बन रही आलीशान कोठी भी लूट की कमाई से खड़ी हो रही है। ED पहले भी यहां छापेमारी कर चुका है। लालू सावधान रहें, ऐसी संपत्ति ज्यादा दिनों तक नहीं टिकती।”
ED पहले ही कर चुकी है एक्शन
जुलाई 2023 में ED ने लालू परिवार से जुड़ी कंपनियों और सदस्यों की पटना, दिल्ली और गाजियाबाद में 6 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की थी।
यह भी पढ़े:- मंदिर में इन 3 चीजों के गुप्तदान से खुल जाता है भाग्य, जीवन में आती है सकारात्मकता
इसमें राबड़ी देवी के नाम पर महुआबाग की जमीन भी शामिल थी। हालांकि BJP द्वारा साझा किए गए वीडियो में दिखाए गए निर्माणाधीन महल के बारे में यह स्पष्ट नहीं है कि वह किसके नाम पर है या यह कौन-सी जमीन है।
लालू परिवार का नया ठिकाना?
सूत्रों के अनुसार लालू यादव इस निर्माण कार्य का निरीक्षण समय-समय पर करते रहे हैं। सरकार द्वारा 10, सर्कुलर रोड का बंगला खाली करने का नोटिस मिलने के बाद चर्चा है कि लालू परिवार 39, हार्डिंग रोड वाले नए बंगले में जाने के बजाय महुआबाग स्थित इस भवन में भी शिफ्ट हो सकता है।
BJP ने फिर दोहराए सवाल
BJP ने पूछा कि लालू परिवार के पास इतनी बड़ी संपत्तियों का स्रोत क्या है। नीरज कुमार ने कहा- “पूरा परिवार वर्षों तक बिहार को लूटता रहा। जनता को बताएं कि इतनी अकूत संपत्ति का आधार क्या है। राजनीति को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाकर आपने ही बिहार को नुकसान पहुंचाया।”



