दारू पीकर गुंडई करोगे… जब बीच सड़क पर भिड़ गए डिप्टी CM विजय सिन्हा और RJD MLC अजय सिंह

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार में पहले चरण की वोटिंग के बीच लखीसराय से बड़ी खबर सामने आई है। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर हमला किया गया। बताया गया कि खोरियारी गांव में मतदाताओं को घर से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा था और राजद समर्थकों द्वारा बूथ कब्जे की सूचना मिली थी।

इस सूचना पर विजय सिन्हा खुद मौके पर पहुंचे और लोगों से मतदान करने की अपील की। इसी दौरान भीड़ ने उनके काफिले पर गोबर और चप्पलें फेंकीं, साथ ही पथराव की भी सूचना है।

सड़क पर भिड़ गए विजय सिन्हा और RJD MLC अजय सिंह

घटना के दौरान राजद एमएलसी अजय सिंह भी वहां पहुंच गए, जिसके बाद डिप्टी सीएम और अजय सिंह के बीच बीच सड़क पर तीखी नोकझोंक हो गई। यह पूरा वाकया कैमरे में कैद हो गया।

विजय सिन्हा ने अजय सिंह पर शराब पीकर चुनाव बाधित करने का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की। इस पर अजय सिंह ने पलटवार करते हुए कहा, “आप कौन होते हैं चेकिंग करने वाले? आप खुद गुंडागर्दी कर रहे हैं।” विजय सिन्हा ने जवाब में कहा,“दारू पीकर गुंडई करोगे? ये बिहार है, यहां कानून चलता है।”

दोनों नेताओं के आरोप-प्रत्यारोप

विजय सिन्हा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राजद समर्थक लोकतंत्र का गला घोंट रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसपी लखीसराय लापरवाह हैं और RJD के गुंडों को संरक्षण मिल रहा है।

वहीं, अजय सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि,“हमारी गाड़ी को विजय सिन्हा के लोगों ने रोका। वह चुनाव हार चुके हैं, इसलिए बौखलाए हुए हैं। उन पर कोई हमला नहीं हुआ, ये सब नाटक है।”

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए। लखीसराय के एसपी अजय कुमार ने बताया,“सुबह हालात सामान्य थे, लेकिन डिप्टी सीएम के पहुंचने के बाद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।” फिलहाल, मामले की जांच जारी है और दोनों पक्षों से बयान लिए जा रहे हैं।

बिहार चुनाव के पहले चरण में ही राजनीतिक गर्मी चरम पर पहुंच गई है। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा और RJD नेता अजय सिंह की सड़क पर भिड़ंत ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है। पुलिस अब इस पूरे विवाद की वीडियो फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles