किश्तवाड़ (जम्मू-कश्मीर)/सर्वोदय न्यूज़:- जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में रविवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। चतरू क्षेत्र के दुर्गम वन इलाके में चल रहे इस अभियान के दौरान एक जवान के घायल होने की खबर है। वहीं, तीन आतंकियों के सुरक्षाबलों के घेरे में फंसे होने की सूचना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ये आतंकी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हो सकते हैं।
तलाशी अभियान के दौरान हुई मुठभेड़
अधिकारियों के मुताबिक, चतरू क्षेत्र के मन्द्रल-सिंघूरा के पास सोननार गांव में रविवार पूर्वाह्न घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद इलाके में मुठभेड़ छिड़ गई।
भारतीय सेना की जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन त्राशी-1’ नाम दिया गया है। यह संयुक्त अभियान सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा है।
भारी हथियारों से लैस हैं आतंकी
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि घिरे हुए आतंकियों के पास भारी मात्रा में गोला-बारूद और हथगोले मौजूद हो सकते हैं। आतंकियों ने घेराबंदी तोड़कर भागने की कोशिश में अंधाधुंध गोलीबारी की और ग्रेनेड भी फेंके, हालांकि सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रण में रखा।
अतिरिक्त बल तैनात, अभियान जारी
सेना ने बताया कि इलाके की घेराबंदी को और मजबूत करने के लिए सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के अतिरिक्त जवान मौके पर भेजे गए हैं। चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने संयम और पेशेवर अंदाज में मोर्चा संभाला है।
यह भी पढ़े:- माघ मौनी अमावस्या पर ऐतिहासिक रिकॉर्ड, 4.52 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में
अधिकारियों के अनुसार, आतंकियों का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए व्यापक तलाशी अभियान जारी है। दोनों पक्षों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है।
पहले भी हो चुकी हैं मुठभेड़
गौरतलब है कि किश्तवाड़ और इसके आसपास के इलाकों में बीते कुछ महीनों में कई बार आतंकियों के साथ मुठभेड़ हो चुकी है। इससे पहले 8 जनवरी को कठुआ जिले में भी सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी।



