न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- कानपुर के बिधनू क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। फैक्ट्री कर्मचारियों को लेकर जा रही एक निजी बस डंपर की टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर रामगंगा नहर में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि नहर में पानी कम होने की वजह से बस पूरी तरह नहीं डूबी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, बस चालक इंद्रपाल सुबह साड़-कुढ़नी क्षेत्र से करीब 19 कर्मचारियों को लेकर कानपुर देहात के रानियां स्थित ट्राई डेंट फैक्ट्री जा रहा था। जैसे ही बस बिधनू स्थित रामगंगा नहर पुल पर पहुंची, सामने से आए तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नहर में पलट गई।
यात्रियों और ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी
हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए। इस दौरान कुछ कर्मचारियों ने साहस दिखाते हुए बस की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और बाहर निकलकर बस की छत पर पहुंच गए। आसपास मौजूद ग्रामीण भी तुरंत मदद के लिए नहर में उतर गए और एक-एक कर सभी यात्रियों को बाहर निकाला।
यह भी पढ़े: तमिलनाडु में कांग्रेस की जल्दबाजी पड़ी भारी? विजय के साथ गई और उधर स्टालिन ने कर दिया खेल?
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। पुल से सीढ़ी लगाकर रेस्क्यू अभियान चलाया गया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कई लोग घायल, अस्पताल में कराया भर्ती
हादसे में कई कर्मचारियों को मामूली चोटें आईं। घायलों को तत्काल सीएचसी बिधनू भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई।
क्रेन की मदद से बस निकालने का प्रयास
घटना के बाद पुलिस ने क्रेन मंगवाकर बस को नहर से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद बस चालक इंद्रपाल मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी टीबी सिंह ने बताया कि हादसे में किसी की जान नहीं गई है और सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



