न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को अचानक नेटवर्क में खराबी आने से कई फ्लाइट्स के संचालन पर असर पड़ा। यात्रियों को चेक-इन में परेशानी का सामना करना पड़ा और कई उड़ानें विलंब से रवाना हुईं।
क्या हुआ?
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, यह खराबी एक थर्ड-पार्टी डेटा नेटवर्क आउटेज के कारण हुई, जिससे एयरलाइनों का चेक-इन सिस्टम प्रभावित हुआ। एयरपोर्ट ने आपातकालीन मैनुअल मोड में काम शुरू कर दिया है ताकि यात्रियों को अधिक दिक्कत न हो।
एयरपोर्ट प्रबंधन का बयान
एयरपोर्ट की सोशल मीडिया टीम ने यात्रियों को जानकारी देते हुए लिखा:”हम आपको बताना चाहते हैं कि हवाई अड्डे पर नेटवर्क में खराबी आ गई है। हमने आपातकालीन उपाय शुरू कर दिए हैं और हमारी टीम समस्या को हल करने में जुटी है।“
एयर इंडिया ने दी चेतावनी
एयर इंडिया ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति अवश्य जांचें। एयरलाइन ने कहा कि प्रभावित सिस्टम को ठीक कर लिया गया है, लेकिन सामान्य संचालन में कुछ समय लग सकता है।



