न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:- अमेरिका के बहुचर्चित जेफ्री एपस्टीन सेक्स स्कैंडल से जुड़ी फाइल्स की एक और बड़ी खेप सार्वजनिक कर दी गई है। अमेरिकी न्याय विभाग ने शुक्रवार को इस मामले से जुड़े करीब तीन लाख से अधिक दस्तावेज जारी किए हैं। इन दस्तावेजों में सैकड़ों तस्वीरें भी शामिल हैं, जिनकी फिलहाल जांच की जा रही है।

इन फाइल्स में कई हाई-प्रोफाइल हस्तियों के नाम सामने आए हैं, जिनमें अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, दिवंगत पॉप स्टार माइकल जैक्सन और ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू जैसे नाम शामिल हैं। न्याय विभाग ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेज जारी करते समय पीड़ितों की पहचान छिपाने का पूरा प्रयास किया गया है, हालांकि अनजाने में कुछ संवेदनशील जानकारियां सामने आ सकती हैं।
अभी और खुलासे बाकी
न्याय विभाग के अनुसार, एपस्टीन मामले से जुड़ी कई फाइल्स अब भी रोकी गई हैं क्योंकि उनकी जांच जारी है। जारी किए गए दस्तावेजों की संख्या काफी अधिक है, ऐसे में इनके राजनीतिक और कानूनी असर को लेकर फिलहाल कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।

बीते कई महीनों से यह मामला अमेरिका ही नहीं, बल्कि वैश्विक राजनीति में भी हलचल मचा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे-जैसे फाइल्स की समीक्षा आगे बढ़ेगी, इस केस से जुड़ी कई और परतें खुल सकती हैं।
क्या है जेफ्री एपस्टीन मामला?
जेफ्री एपस्टीन एक कुख्यात यौन अपराधी था, जिस पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे थे। जेल में उसकी मौत के बाद से इस मामले से जुड़ी फाइल्स धीरे-धीरे सार्वजनिक की जा रही हैं। हाई-प्रोफाइल हस्तियों के नाम सामने आने के कारण यह केस लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
ट्रंप के चुनावी वादे से ट्रांसपेरेंसी एक्ट तक
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने चुनावी अभियान के दौरान एपस्टीन फाइल्स को पूरी तरह सार्वजनिक करने का वादा किया था। हालांकि राष्ट्रपति बनने के बाद उन्होंने इन फाइल्स को जारी करने में हिचक दिखाई और इसे डेमोक्रेटिक साजिश करार दिया। उन्होंने रिपब्लिकन सांसदों से भी इसका विरोध करने की अपील की थी।

इस रुख के चलते ट्रंप को अपने समर्थकों की आलोचना भी झेलनी पड़ी। एलन मस्क जैसे प्रभावशाली लोगों ने भी प्रशासन पर फाइल्स को दबाने के आरोप लगाए। आखिरकार राजनीतिक दबाव के बाद 19 नवंबर को ट्रंप ने ‘एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट’ पर हस्ताक्षर किए, जिसे कांग्रेस ने भारी बहुमत से पारित किया। इसके बाद शुक्रवार को तीन लाख पेज सार्वजनिक किए गए।
बिल क्लिंटन की तस्वीरें चर्चा में
जारी की गई तस्वीरों में सबसे अधिक चर्चा पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन से जुड़ी तस्वीरों की हो रही है। इनमें से एक तस्वीर में क्लिंटन, एपस्टीन की करीबी सहयोगी और सह-आरोपी घिस्लेन मैक्सवेल के साथ स्विमिंग पूल में नजर आ रहे हैं, जहां कुछ अन्य महिलाएं भी मौजूद हैं।
यह भी पढ़े:- दिल्ली एयरपोर्ट पर पायलट और यात्री के बीच ‘खूनी फाइट’, पायलट ने 7 साल की बेटी के
हालांकि, बिल क्लिंटन पहले ही कह चुके हैं कि उन्हें एपस्टीन के साथ अपने मेलजोल पर अफसोस है, लेकिन उन्हें उसकी किसी आपराधिक गतिविधि की जानकारी नहीं थी।
क्लिंटन की प्रतिक्रिया
नई तस्वीरों के सामने आने के बाद क्लिंटन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ट्रंप प्रशासन इस मामले में खुद को बचाने की कोशिश कर रहा है। प्रवक्ता ने कहा कि एपस्टीन के अपराध सामने आने से पहले ही क्लिंटन ने उससे अपने संबंध खत्म कर लिए थे और 20 साल पुरानी धुंधली तस्वीरें इस तथ्य को नहीं बदल सकतीं।
ट्रंप भी सवालों के घेरे में
इस पूरे मामले में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी सवालों से घिरे हुए हैं। 2000 के दशक के मध्य तक एपस्टीन के साथ उनके संबंधों को लेकर डेमोक्रेटिक पार्टी लगातार सवाल उठा रही है। विपक्ष का आरोप है कि अब तक हुए खुलासे अधूरे हैं और यह पूरी प्रक्रिया एक कवर-अप की कोशिश हो सकती है।
नोट:- यह न्यूज़ गूगल से ली गई



