कौशांबी,सर्वोदय:– उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज अपने गृह जनपद कौशांबी में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषद भरवारी, गिरसा में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका परिषद भरवारी के नए कार्यालय भवन का भी लोकार्पण किया।
मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “कांग्रेस और सपा बाबा साहब अंबेडकर की दुश्मन पार्टियां हैं। इन्होंने हमेशा बाबा साहब के विचारों और उनके योगदान को दबाने की कोशिश की है।”
डिप्टी सीएम मौर्य ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकार में बाबा साहब को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था, जबकि समाजवादी पार्टी ने अपने कार्यकाल में कन्नौज में स्थापित मेडिकल कॉलेज का नाम बदलकर बाबा साहब का अपमान किया।
उन्होंने कहा, “बसपा ने सिर्फ बाबा साहब के नाम पर वोट बटोरे, लेकिन उनके विचारों को जमीन पर उतारने का कोई प्रयास नहीं किया। बीजेपी ही एकमात्र पार्टी है जो बाबा साहब के सपनों को साकार करने का काम कर रही है।”
केशव प्रसाद मौर्य ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि वे बाबा साहब के दिखाए रास्ते पर चलकर सामाजिक समरसता और विकास को बढ़ावा दें।



